पूर्णागिरि धाम में दर्शन करने आई महिला श्रद्धालु की बरसाती नाले में बाइक बहने से मौत
टनकपुर, अमृत विचार। अपने साथी के साथ मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर वापस लौट रही एक महिला श्रद्धालु की पूर्णागिरि मार्ग के पास बरसाती नाले में बह जाने से मौत हो गई। बाइक चालक मृतका के साथी ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज …
टनकपुर, अमृत विचार। अपने साथी के साथ मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर वापस लौट रही एक महिला श्रद्धालु की पूर्णागिरि मार्ग के पास बरसाती नाले में बह जाने से मौत हो गई। बाइक चालक मृतका के साथी ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उसके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
शनिवार की रात से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बरसात के कारण किरोड़ा नाला व बरसाती नाला उफान में आने से पूर्णागिरि मार्ग बंद हो गया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं की बाइक संख्या- यूके 94एए, 3270 ठूलीगाड़ से आगे रानीमोड़ के पास उफनाते नाले में बह गई। इस घटना में बाइक सवार आरती यादव (22) पुत्री कोमल यादव, निवासी बंगाली कॉलोनी, लालकुंआ, जिला नैनीताल की मौत हो गई। जबकि शिवम गिरी (23) पुत्र अशोक गिरी, निवासी बंगाली कॉलोनी, लालकुआं जिला नैनीताल जैसे-तैसे तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची ठुलीगाड़ पुलिस व स्थानीय लोगों ने रेसक्यू कर नाले से युवती के शव को बरामद कर लिया।
हालांकि सूचना मिलने पर टनकपुर कोतवाली से पुलिस टीम घटना क्षेत्र जा रही थी, लेकिन किरोड़ा नाला उफान में होने के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा। बाद में ठुलीगाड़ पुलिस व आसपास के लोगों द्वारा शव को बाहर निकाला गया। वहीं, मृतका के साथी युवक शिवम को ठूलीगाड़ थाने ले जाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतका उसकी दोस्त है। जिसे वह अपनी बाइक में मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए लाया था। इधर, पुलिस उपाधीक्षक अविनाश वर्मा ने बताया कि मृतका के स्वजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर लाया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के यहां पहुंचने के बाद मृतका और बाइक चालक के वास्तविक संबंधों का खुलासा हो पाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए शनिवार को आए होंगे, यहां शनिवार की रात्रि से ही भारी वर्षा के कारण किरोड़ा नाला उफान में होने से पूर्णागिरि मार्ग जगह-जगह बाधित है।
