बरेली: आरटीओ कार्यालय में फर्जी स्टैंड संचालन का गिरोह सक्रिय
बरेली, अमृत विचार। आरटीओ कार्यालय के बाहर दलालों के साथ अवैध स्टैंड का संचालन करने वाला गिरोह भी सक्रिय है। आरटीओ कार्यालय के नाम से स्टैंड की पर्ची बनाकर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस को अवैध स्टैंड संचालक पर कार्रवाई के लिए तहरीर …
बरेली, अमृत विचार। आरटीओ कार्यालय के बाहर दलालों के साथ अवैध स्टैंड का संचालन करने वाला गिरोह भी सक्रिय है। आरटीओ कार्यालय के नाम से स्टैंड की पर्ची बनाकर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस को अवैध स्टैंड संचालक पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। सोमवार को पुलिस अवैध स्टैंड का संचालन करने वाले से पूछताछ करेगी।
संभागीय परिवहन विभाग की खुद की कोई पार्किंग नहीं है। विभाग के सामने खाली पड़ी जमीन पर ही लोग अपने वाहन खड़े करते हैं। इसका फायदा उठाकर दलालों ने विभाग के सामने मुख्य सड़क के पार अवैध पार्किंग खोल दी। वसूली के लिए उन्होंने बाकायदा रसीद भी बनवाई है जिस पर उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि आरटीओ कार्यालय पार्किंग। जबकि विभाग की कोई पार्किंग ही नहीं है। अवैध स्टैंड संचालक कार पार्किंग के नाम पर 20 रुपये और ट्रक पार्किंग के नाम पर 50 रुपये की वसूली कर रहे हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) आरपी सिंह ने बताया कि आरटीओ पार्किंग के नाम पर वसूली का मामला संज्ञान में आने के बाद नकटिया चौकी इंचार्ज को मामले की तहरीर दी गई है। आरटीओ कार्यालय के पास खुद की कोई पार्किंग नहीं है। लोगों से अवैध वसूली करने वाले पर कार्रवाई कराई जाएगी।
कार्यालय के बाबुओं पर सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी नजर
परिवहन विभाग के नकटिया स्थित कार्यालय में हाल में ही दो बाबुओं के रिश्वत लेने के वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की मुख्यालय तक खूब किरकिरी हुई थी। इसके बाद अब बाबुओं पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। यदि बाबू के आसपास ऑफिस में कोई भी दलाल नजर आया तो उसके लिए बाबू को जिम्मेदार मानकर आरटीओ स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। उच्च स्तरीय कार्रवाई को शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। आरटीओ के निर्देश पर सभी ऑफिसों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गये हैं। हालांकि सीसीटीवी पहले से लगाए गए थे, इनमें कई कैमरे खराब हैं।
कार्यालय में बाबुओं से मिले दलाल तो खैर नहीं
सख्त हिदायत दी गई है कि कोई भी दलाल ऑफिस के अंदर बाबू से मिलने नहीं जाएगा। यदि कोई दलाल ऑफिस में प्रवेश करता है तो उसके लिए बाबू ही नहीं गेट पर मौजूद गार्ड भी जिम्मेदार माना जाएगा। सीसीटीवी कैमरे आरटीओ ऑफिस और एआरटीओ प्रशासन ऑफिस से कनेक्ट रहेंगे जिससे पल-पल की नजर रखी जा सकेगी। यदि कोई दलाल बाबू के पास ऑफिस के अंदर आता दिखाई देता है तो उसके लिए बाबू को जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई कर दी जाएगी। लाइसेंस या अन्य काम के लिए आवेदन करने वाले को ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
