चौखुटिया: ग्रामीणों का कहना नहीं बनने देंगे हवाई पट्टी
चौखुटिया, अमृत विचार। तहसील के हाटझलां में प्रस्तावित हवाई पट्टी का ग्रामीणों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने तय किया है कि वह अपनी मांग को लेकर हरेला पर्व पर कवाधार में एकत्र होकर उपवास रखेंगे और आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। कवाधार में आयोजित बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा …
चौखुटिया, अमृत विचार। तहसील के हाटझलां में प्रस्तावित हवाई पट्टी का ग्रामीणों ने फिर से विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने तय किया है कि वह अपनी मांग को लेकर हरेला पर्व पर कवाधार में एकत्र होकर उपवास रखेंगे और आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।
कवाधार में आयोजित बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा है कि वह हवाई पट्टी के विरोधी नहीं हैं। लेकिन उपजाऊ भूमि पर हवाई पट्टी बनाना ग्रामीणों के साथ अन्याय है। वक्ताओं ने कहा कि उन्हें जानबूझकर भूमिहीन बनाने की साजिश की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस उपजाऊ भूमि पर खेती कर आज कई परिवार अपनी रोजी रोटी चला रहे हैं। लेकिन हवाई पट्टी का निर्माण होने से वह अपनी आजीविका से हाथ धो बैठेंगे और उनके सामने रोजगार का संकट पैदा हो जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने हवाई पट्टी को अन्यत्र बनाने की मांग की। बैठक में ग्राम सभा झला, कालचूली, हॉट, कवाधार, बसनलगांव, बोहरागांव, भैल्टगांव, उड़लीखान, सौनगांव के ग्रामीणों को जोड़कर गेवाड़ बचाओ संघर्ष समिति का विस्तार भी किया गया।
बैठक में दान सिंह मनराल, खीम सिंह, सचिन, जीवन नेगी, श्याम सिंह मेहरा, कैलाश गैरोला, प्रेम प्रकाश, कृपाल सिंह, गिरीश चंद्र, हरसिंह, पूरन चंद्र देवतल्ला आदि मौजूद रहे।
