बागेश्वर जिला अस्पताल में अब ऑक्सीजन की कमी से नहीं करना पड़ेगा मरीजों को रेफर
बागेश्वर, अमृत विचार। कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला चिकित्सालय में पीएम केयर फंड से बन रहा 400 एमपीएल का ऑक्सीजन प्लांट का कार्य अंतिम चरण में है। शनिवार से प्लांट की टेस्टिंग प्रारंभ होगी। अगले सप्ताह तक प्लांट का लोकार्पण करने की संभावना है। अब बागेश्वर में किसी को ऑक्सीजन की …
बागेश्वर, अमृत विचार। कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला चिकित्सालय में पीएम केयर फंड से बन रहा 400 एमपीएल का ऑक्सीजन प्लांट का कार्य अंतिम चरण में है। शनिवार से प्लांट की टेस्टिंग प्रारंभ होगी। अगले सप्ताह तक प्लांट का लोकार्पण करने की संभावना है। अब बागेश्वर में किसी को ऑक्सीजन की कमी के चलते बाहर रेफर नहीं करना होगा।
जनपद में तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इससे पूर्व जिला चिकित्सालय के परिसर में स्थित कोविड केयर सेंटर में बमराड़ी निवासी जमुना किशन गिरी गोस्वामी के दान से 150 एमपीएल का प्लांट तैयार किया जा चुका है।
इधर जिला चिकित्सालय में पीएम केयर फंड से बन रहा ऑक्सीजन प्लांट का कार्य भी अंतिम चरण में है। प्लांट का कार्य पूर्ण हो चुका है। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा द्वारा लगाए जा रहे इस प्लांट का परीक्षण शनिवार से किए जाने की योजना है। वहीं चिकित्सालय तक ऑक्सीजन आपूर्ति करने के लिए पाइप लाइन निर्माण कार्य भी चल रहा है। प्लांट लगा रहे इंजीनियर की योजना है कि शनिवार को प्लांट का परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा गरुड़ में राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा द्वारा आक्सीजन प्लांट के लिए 35 लाख अवमुक्त किए हैं जबकि कांडा, कपकोट में भी आक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति में है।
आक्सीजन प्लांट की क्षमता 450 एमपीएल है। जिसका कार्य अंतिम चरण में है। परीक्षण की औपचारिकता पूर्ण करके इसे स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा।
– रमेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता आरईएस
