बरेली: यूपी बोर्ड पहली बार लेगा तिमाही परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2021-22 का शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया। बोर्ड अफसरों ने कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक कैलेंडर तैयार किया है। इस सत्र की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षाएं मार्च में होंगी। खास ये है कि इस सत्र के शैक्षिक कैलेंडर में तिमाही …

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2021-22 का शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया। बोर्ड अफसरों ने कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक कैलेंडर तैयार किया है। इस सत्र की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षाएं मार्च में होंगी। खास ये है कि इस सत्र के शैक्षिक कैलेंडर में तिमाही परीक्षाओं को स्थान मिला है। इससे पहले कभी भी बोर्ड ने तिमाही परीक्षाएं नहीं कराई थीं। शैक्षिक कैलेंडर में तिथिवार परीक्षाएं और अंक अपलोड करने की तिथि का भी उल्लेख किया गया है।

शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक प्री बोर्ड की परीक्षा फरवरी तो बोर्ड परीक्षा मार्च के पहले व दूसरे सप्ताह में होंगी। सत्र 2021-22 में बरेली जिले में हाईस्कूल में लगभग 27471 छात्र और 19926 छात्राएं हैं। इंटरमीडिएट में 21974 छात्र और 16536 छात्राएं हैं। शैक्षिक कैलेंडर को इस प्रकार से तैयार किया गया है कि अगर प्रदेश में कोरोना से हालात बेकाबू हुए तो वेबसाइट पर अपलोड अंकों के आधार पर वर्तमान सत्र की तरह अगले सत्र में भी प्रोन्नति मिल जाएगी।

20 मई से शुरू हो चुकीं ऑनलाइन क्लास
शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार कक्षाओं में ऑनलाइन शिक्षण कार्य 20 मई से शुरू हो चुका है। छात्रों की प्रगति का आंकलन करने के लिए कक्षाओं में ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित मासिक परीक्षा का आयोजन होगा। इनके प्राप्तांकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने का समय प्रत्येक माह का अंतिम सप्ताह निर्धारित किया गया है। प्रथम आंतरिक मूल्यांकन अगस्त के अंतिम सप्ताह में होंगे। इसी तरह द्वितीय और तृतीय आंतरिक मूल्यांकन क्रमश: अक्टूबर और जनवरी में होंगे।

सितंबर में होंगी तिमाही परीक्षाएं
तिमाही परीक्षा का आयोजन सितंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में होगा। तिमाही परीक्षा के प्राप्तांकों को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का समय अक्टूबर के द्वितीय सप्ताह तक निर्धारित किया गया है।

जनवरी में कराई जाएंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
अर्द्धवार्षिक परीक्षा दिसंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में होंगी। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्राप्तांकों को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर जनवरी के प्रथम सप्ताह में अपलोड करना होगा। कक्षा 10 व 12 के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन शिक्षण कार्य पूरा करने के लिए 15 जनवरी और कक्षा नौ व 11 के लिए 31 जनवरी निर्धारित की गई है। विज्ञान, मानविकी, कृषि व व्यावसायिक वर्ग की कक्षा 11 व 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षा के आयोजन की तिथि जारी कर दी गई है। पहले चरण में 1 जनवरी से 15 जनवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। दसरे चरण में 16 जनवरी से 31 जनवरी तक कराई जाएंगी।

मार्च में हो सकती हैं बोर्ड परीक्षाएं
कोरोना संक्रमण प्रदेश में काबू में रहता है तो इस सत्र की प्री बोर्ड की परीक्षा फरवरी के पहले सप्ताह में होगी और छात्र-छात्राओं के अंकों को वेबसाइट पर फरवरी के चौथे सप्ताह में अपलोड किया जाएगा। कक्षा दस व 12वीं की बोर्ड परीक्षा का आयोजन मार्च के प्रथम व द्वितीय सप्ताह में होगा।

संबंधित समाचार