बरेली: कोरोना का खतरा टला नहीं, लापरवाही के आगे तीसरी लहर है
बरेली, अमृत विचार। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर की रूह कंपा देने वाली तस्वीर अभी धुंधली नहीं पड़ी है और पहले से ज्यादा खतरनाक तीसरी लहर के आने की आशंका जताई जा रही है। प्रधानमंत्री तक इसको लेकर चिंता जता चुके हैं। बावजूद, तमाम लोग बेपरवाह बने हुए हैं। बाजारों व अन्य सार्वजनिक …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर की रूह कंपा देने वाली तस्वीर अभी धुंधली नहीं पड़ी है और पहले से ज्यादा खतरनाक तीसरी लहर के आने की आशंका जताई जा रही है। प्रधानमंत्री तक इसको लेकर चिंता जता चुके हैं। बावजूद, तमाम लोग बेपरवाह बने हुए हैं। बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उमड़ने वाली भीड़ के चेहरे पर मास्क तक नजर नहीं आते। सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात है। गुरुवार को अमृत विचार की टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर पड़ताल की तो कुछ इस तरह लापरवाही सामने आईं। पेश है लाइव रिपोर्ट…

हर तरफ कोविड प्रोटोकाल की अनदेखी
कुतुबखाना सब्जी मंडी के बाहर दिन भर भीड़ लगी रहती है। न तो दुकानदारों को कोरोना का खौफ है और न ही खरीदारी के लिए पहुंच रहे ग्राहकों को। भीड़भाड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग दम तोड़ती नजर आ रही थी।

पैदल चलना भी हुआ दुश्वार
जिला अस्पताल रोड पर भीड़ का आलम ये था कि पैदल चलने के लिए भी जगह खोजनी पड़ रही थी। बाजार में लोगों की आवाजाही आपस में सटकर हो रही थी। यहां की दुकानें भीड़ से गुलजार थीं, लेकिन कुछ एक को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं थे। तमाम लोग नाक और मुंह से नीचे मास्क लटकाए हुए थे।

थमा हुआ था ट्रैफिक, लगा था जाम
पटेल चौक पर दोपहर में लंबा जाम लगा हुआ था। तस्वीरों को देखकर वाहन चालकों की बेपरवाही का अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है। कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी के बाद भी लोग महामारी को लेकर अब भी नहीं चेत रहे हैं। कुछ एक को छोड़कर ज्यादातर वाहन चालकों के चेहरे पर मास्क नहीं थे।
