रामनगर: आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया तो कर लूंगा आत्महत्या…
रामनगर, अमृत विचार। आठ जुलाई शुक्रवार की रात ग्राम टांडा मल्लू में शिवलालपुर रिउनिया निवासी मनोज कुमार की मौत को लेकर राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाद्यक्ष अमिता लोहनी के नेतृत्व में लोगों ने कोतवाली में धरना दिया। पुलिस मनोज की मौत को सड़क दुर्घटना बता रही है, जबकि मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे …
रामनगर, अमृत विचार। आठ जुलाई शुक्रवार की रात ग्राम टांडा मल्लू में शिवलालपुर रिउनिया निवासी मनोज कुमार की मौत को लेकर राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाद्यक्ष अमिता लोहनी के नेतृत्व में लोगों ने कोतवाली में धरना दिया। पुलिस मनोज की मौत को सड़क दुर्घटना बता रही है, जबकि मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। मनोज के पिता ने चेतावनी दे दी है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तार न हुई तो वह आत्महत्या कर लेंगे।
आठ जुलाई को मनोज सड़क पर घायल मिला था। रामनगर सरकारी चिकित्सालय में उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पत्नी पूनम ने पति के दोस्त मुकेश, घनश्याम व व्यास के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया गया था। तीनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज है। कोतवाल आशुतोष कुमार का घेराव करते हुए लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया हैं। मृतक के पिता ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वह आत्महत्या कर लेंगे।
उनका कहना है कि एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। कोतवाल आशुतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है और सिर पर चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टया सड़क हादसा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बलजीत सिंह भाकुनी का कहना है कि घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पता लगा कि मामला सड़क दुर्घटना का है, लेकिन परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
मामले में निष्पक्ष जांच होगी और किसी बेगुनाह को जेल नहीं भेजा जाएगा। जबकि परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े हैं। इस दौरान मृतक के पिता हरपाल सिंह, पत्नी पूनम, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा बिष्ट, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यतिन रौतेला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चन्दन बिष्ट, एबीवीपी नेता ईशांत चौधरी, प्रधान प्रतिनिधि संजय कनोजिया, महिला कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष मीमांसा आर्य, पूर्व प्रधान मंजू चौहान आदि थे।
