देहरादून: देवभूमि में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का हुआ शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। हम अपने आसपास देखें तो पाएंगे कि बेटों की बजाय बेटियां माता-पिता का अधिक ख्याल रखती हैं। जीवन का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां बेटियों ने सफलता न पाई हो। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर …

देहरादून, अमृत विचार। हम अपने आसपास देखें तो पाएंगे कि बेटों की बजाय बेटियां माता-पिता का अधिक ख्याल रखती हैं। जीवन का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां बेटियों ने सफलता न पाई हो। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर परमुख्यमंत्री और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने चयनित लाभार्थी माताओं और नवजात शिशुओं को महालक्ष्मी किट वितरित कीं।

सीएम  धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि इस अभियान से व्यापक जनजागरूकता आई है। इससे लिंगानुपात में सुधार भी देखने को मिला है। नंदा गौरा देवी कन्याधन योजना बेटियों को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण योजना है। जल्द ही मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू करने जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमें बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए दोहरी मानसिकता को खत्म करना है। प्रकृति और संविधान ने समानता का संदेश दिया है। इसलिए बेटियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

महिला-पुरुष का समाज में समान महत्व है। भेदभाव की सोच को समाप्त करना है। प्रसवोपरांत मातृ व कन्या शिशु के पोषण और अतिरिक्त देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत प्रथम दो बालिकाओं/जुड़वां बालिकाओं के जन्म पर माता और नवजात कन्या शिशु को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना में प्रदेश के सभी जिलों में 16929 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। इस अवसर पर सचिव हरि चंद्र सेमवाल व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के आवेदन हेतु खास बातें
1. आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकरण
2. सरकारी अथवा प्राइवेट माता-शिशु रक्षा कार्ड की प्रति ( MCP कार्ड)
3. संस्थागत प्रसव प्रमाण पत्र (यदि किसी आकस्मिक कारणवश रास्ते में या घर में प्रसव है हुआ है तो तद्विषयक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री/ मिनी कार्यकर्त्री/आशा वर्कर / चिकित्सक द्वारा जारी प्रमाण पत्र)
4. परिवार रजिस्टर की प्रति
5. प्रथम द्वितीय/जुड़वां कन्या के जन्म हेतु स्वप्रमाणित घोषणा
6. नियमित सरकारी /अर्धसरकारी सेवक तथा आयकरदाता न होने विषयक प्रमाण पत्र।

संबंधित समाचार