बरेली: 1 अक्टूबर से शुरू होगा नया शैक्षिक सत्र
बरेली, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में आगामी शैक्षिक सत्र 1 अक्टूबर से शुरू होगा। यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) ने परीक्षाओं और शैक्षिक सत्र 2021-22 को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में 30 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) में महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 13 जुलाई …
बरेली, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में आगामी शैक्षिक सत्र 1 अक्टूबर से शुरू होगा। यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) ने परीक्षाओं और शैक्षिक सत्र 2021-22 को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में 30 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) में महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 13 जुलाई से ही शुरू कर दी है। प्रवेश को लेकर प्रस्तावित तिथियां भी जारी की गई हैं और जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया के दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। यूजीसी के दिशा-निर्देश पर रुविवि ने भी तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा को लेकर भी सूचना जारी कर दी जाएगी।
यूजीसी ने निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों को स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए दाखिले की प्रक्रिया सीबीएसई, आईसीएसई और सभी राज्य बोर्डों के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद ही शुरू हो। उम्मीद है कि सभी सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत अन्य बोर्ड 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए परिणाम 31 जुलाई तक घोषित कर देंगे। अगर परीक्षा परिणामों की घोषणा में देरी होती है तो नया शैक्षिक सत्र 18 अक्टूबर तक शुरू हो सकता है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जारी रहेगी। संस्थान कोविड-19 महामारी के मद्देनजर समय-समय पर केंद्र तथा राज्य सरकारों से जारी परामर्श तथा आवश्यक प्रोटोकॉल के बाद एक अक्टूबर 2021 से 31 जुलाई 2022 के दौरान कक्षाएं, छुट्टियां, परीक्षाएं कराने, सेमेस्टर ब्रेक की योजना बना सकते हैं। महामारी के दौरान अभिभावकों के सामने आईं वित्तीय परेशानियों के मद्देनजर आयोग ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि दाखिला रद्द कराए जाने या छात्रों के स्थानांतरण के मामले में पूरी फीस वापस की जाए। विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों के लिए आखिरी सत्र या अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 31 अगस्त तक कराना अनिवार्य किया गया है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया का पोस्टर तो जारी कर दिया गया लेकिन अभी महाविद्यालयों को प्रवेश को लेकर दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। पोस्टर के मुताबिक 13 जुलाई से 31 जुलाई तक महाविद्यालयों में प्रवेश पंजीकरण किए जाएंगे। 7 अगस्त से 25 अगस्त तक प्रवेश किए जाएंगे। हालांकि अब यूजीसी के निर्देश के बाद इन तारीखों में बदलाव भी किया जा सकता है। एमएससी व अन्य प्रवेश परीक्षाओं को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई हैं। प्रवेश परीक्षाएं ऑनलाइन करायी जाएंगी। एजेंसी के द्वारा डेमो भी दिया जा चुका है। जल्द ही इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी हैं और परीक्षाएं 14 अगस्त को समाप्त हो जाएंगी। उसके तुरंत बाद मौखिकी व प्रयोगिक परीक्षाएं भी ओपन बुक के माध्यम से 18 अगस्त तक संपन्न करा ली जाएंगी।
“विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया की तैयारी पहले से कर ली है। यूजीसी के दिशा-निर्देश भी प्रवेश को लेकर आ गए हैं। जल्द ही महाविद्यालयों को प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। जल्द ही ऑनलाइन प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों की भी सूचना जारी कर दी जाएगी।” -प्रो. केपी सिंह, कुलपति रुविवि
