रुद्रपुर: घर पर लगा था ताला, चोरों ने मौका पाकर साफ किया लाखों का माल
रुद्रपुर, अमृत विचार। गंगापुर रोड पर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 8 से 10 लाख रूपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के समय परिवार के लोग गांव गये हुए थे। पड़ोसी ने गृहस्वामी के दोस्त को चोरी की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना …
रुद्रपुर, अमृत विचार। गंगापुर रोड पर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 8 से 10 लाख रूपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के समय परिवार के लोग गांव गये हुए थे। पड़ोसी ने गृहस्वामी के दोस्त को चोरी की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
जानकारी के अनुसार, विकास जायसवाल पुत्र रामतपस्या जयसवाल का गंगापुर रोड स्थित सुखसागर विहार कॉलोनी में मकान है। 10 जुलाई को परिवार के सभी लोग गांव गोरखपुर गये हुए थे और 1 अगस्त को सब को वापस आना था। घर की देखभाल के लिए वह चाबी अपने दोस्त दुर्गा विहार कालोनी निवासी अनिल कुमार को सौंपकर गये थे।
मंगलवार सुबह उनके पड़ोसी ताराचंद ने अनिल को फोन कर बताया कि विकास जयसवाल के घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुए बाहर पड़ा है। जिस पर वह ड्यूटी छोड़ सीधे उनके मकान पर पहुंचा तो देखा कि घर के अंदर, कमरे व अलमारी का ताला टूटा हुआ है और अलमारी व बेड का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। वही दुकान के गल्ले का ताला भी टूटा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना गृहस्वामी विकास को दी। अनिल ने बताया कि अलमारी में 10 तोला सोना व दुकान के गल्ले में 90 हजार रुपए कैश रखा हुआ था।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरो की तलाश में आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिये है। हालांकि पुलिस को अभी तक चोरो के संबंध में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। वही लोगों का आरोप है कि पुलिस सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिससे उन लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैम्प विनोद फर्त्याल ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। वहीं चोरी हुए सामान की सही जानकारी गृहस्वामी के वापस आने पर ही हो पाएंगी।
पड़ोसी का घर भी चोरों ने किया बाहर से बंद
विकास जायसवाल के घर चोरी करने से पूर्व चोरों ने पड़ोसी के घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। जिससे चोरी की आहट पर कोई बाहर से न आ सके। पड़ोसी ताराचंद ने बताया कि चोरों ने उनके घर के बाहर जायसवाल के घर का ताला तोड़कर कुंडे में लटका दिया था और उस पर कपड़ा ढक दिया था। जिससे वह किसी को न दिखे, साथ ही उनके घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया, जिससे वह लोग भी बाहर न आ सकें। सुुबह घर का दरवाजा बाहर से बंद होने पर उन्होंने काॅलोनी के अन्य लोगों को बुलावा कर दरवाजा खुलवाया और बगल में देखा तो जायसवाल जी के घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जिसके बाद उन्होंने उनके दोस्त अनिल को इसकी जानकारी दी।
बारिश के कारण सीसीटीवी में कैद नहीं हो सके चोर
सुखविहार काॅलोनी के गेट पर खंभों में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर कैद नहीं हो सके। दरअसल, सोमवार रात में बारिश होने के कारण कैमरों पर धुंध छाई हुई थी। जिससे कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दिया।
