हल्द्वानी: दहेज में होंडा सिटी और 20 लाख न मिलने पर विवाहिता को घर से निकाला
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज में होंडा सिटी कार और 20 लाख रुपए न मिलने पर पति और ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामला पुलिस फैमिली सेल भी पहुंचा, लेकिन ससुराली अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। अब आरोपियों के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज में होंडा सिटी कार और 20 लाख रुपए न मिलने पर पति और ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामला पुलिस फैमिली सेल भी पहुंचा, लेकिन ससुराली अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। अब आरोपियों के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में हरिपुर पूर्वानंद पोस्ट अर्जुनपुर निवासी शिवांगी पुत्री स्व. लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि उसका विवाह 17 जनवरी 2019 को प्रज्जवल कुमार रावत निवासी गोविंदपुरम हल्दूचौड़ के साथ हुआ था।
विवाह के समय मायके पक्ष ने सामर्थ्यानुसार दान व उपहार भी दिया था। साथ ही ससुरालियों की मांग पर अलग से दस लाख नगद व अन्य जेवरात भी दिए थे। लेकिन दहेजलोभी ससुराली इससे नाखुश रहे और विवाह के कुछ समय बाद ही उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति, सास गौरा देवी, ससुर लक्ष्मण सिंह, विवाहिता ननद हंसा देवी उससे दहेज में दस लाख व कार लाने का दबाव बनाने लगे। 11 नवंबर 2020 को उसके साथ बुरी मारपीट कर घर से निकाल दिया।
इसकी शिकायत लालकुआं पुलिस में की गई तो 2 दिसंबर को ससुरालियों ने माफी मांग ली। इसके बाद पति उसे कानपुर ले गया। वहां भी उसका दहेज के लिए उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि 6 अप्रैल को भी ससुरालियों ने उससे मारपीट की और मायके से 20 लाख लाने पर ही घर में कदम रखने की धमकी दी। काउंसलिंग की प्रक्रिया के बाद पुलिस ने आरोपी पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
