टनकपुर: सात दिन बाद भी नहीं खुल सका पूर्णागिरि मार्ग, यात्री परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। क्षेत्र और पहाड़ों में हुई भारी वर्षा के कारण बंद टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग सात दिन बाद भी सुचारू नहीं किया जा सका है। जिसके चलते यहां आवाजाही पूरी तरह से बाधित है। गौरतलब है कि टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर हनुमान चट्टी के पास गिरे भारी बोल्डरों के कारण मार्ग पूरी तरह से बाधित हो …

टनकपुर, अमृत विचार। क्षेत्र और पहाड़ों में हुई भारी वर्षा के कारण बंद टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग सात दिन बाद भी सुचारू नहीं किया जा सका है। जिसके चलते यहां आवाजाही पूरी तरह से बाधित है। गौरतलब है कि टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर हनुमान चट्टी के पास गिरे भारी बोल्डरों के कारण मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया था जिसके चलते पूर्णागिरि दर्शन को आए कई श्रद्धालुओं के वाहन भैरव मंदिर के पास फंस गए। फिलहाल यहां से बोल्डरों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

बीच में भारी वर्षा होने के कारण किरोड़ा नाला और बाटनागाड़ पर जल स्तर अधिक होने व मलबा आने से कटर मशीन हनुमान चट्टी नहीं जा पाई थी। शुक्रवार की सुबह बाटना गाड़ में आए मलबे को हटाकर कटर मशीन को हनुमान चट्टी के पास भेजा गया। लोनिवि के ईई एपीएस बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में आए चट्टान को कटर मशीन द्वारा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्दी ही मार्ग को सुचारू कर दिया जाएगा।

पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के कई वाहन भैरव मंदिर के पास ही फंसे हुए हैं। इधर अभी भी पूर्णागिरि क्षेत्र में पानी और बिजली की व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। बताया जाता है कि पिछले दिनों भारी वर्षा के कारण पूर्णागिरि मार्ग में जगह-जगह विद्युत पोल और तार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके कारण पूर्णागिरि क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। साथ ही इस समय पैदल ही आ रहे श्रद्धालु भी पानी व बिजली व्यवस्था ना होने से खासे परेशान हैं। समाचार लिखे जाने तक देर शाम तक पूर्णागिरि मार्ग को सुचारू नहीं किया जा सका था।

संबंधित समाचार