बरेली: सस्ता घर देने का झांसा देकर डॉक्टर से 4. 28 लाख रुपए ठगे
बरेली, अमृत विचार। कंपनी प्रोजेक्ट के जरिए कम दाम में अच्छे घर का सपना दिखाकर कुछ लोगों ने एक डॉक्टर से लाखों की ठगी कर ली। डॉक्टर ने जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने इनकार कर दिया। डाक्टर की शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने चार आरोपियायें व एक कंपनी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट …
बरेली, अमृत विचार। कंपनी प्रोजेक्ट के जरिए कम दाम में अच्छे घर का सपना दिखाकर कुछ लोगों ने एक डॉक्टर से लाखों की ठगी कर ली। डॉक्टर ने जब आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने इनकार कर दिया। डाक्टर की शिकायत पर सुभाषनगर पुलिस ने चार आरोपियायें व एक कंपनी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
शाहजहांपुर स्थित वसीम हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर वसीम हसन खां को बरेली के कुछ लोगों ने ठगी का शिकार बना लिया। डॉक्टर वसीम ने बताया कि करीब सात साल पहले प्रेमनगर धर्मकांटा स्थित एसीई इंफ्राजोन प्रा.लि. के डायरेक्टर तरुन जगोता, नीरज सिंघल व विवेक मैक्सिन उनके पास एक प्रोजेक्ट लेकर पहुंचे और उनसे सस्ते दाम में आपार्टमेंट देने की बात कही।
धोखाधड़ी के इस खेल में आरोपियों ने चिकित्सक को सुभाषनगर क्षेत्र स्थित 700 स्क्वायर फिट यूनिट टाइप बीजी-011 दिखाया। आरोपियों ने इसकी कीमत 13 लाख 99 हजार रुपये बताई थी। अपार्टमेंट के साथ आरोपियों ने पावर बैकअप, ओपनकार पार्किंग जैसी कई सुविधाओं का भी लालच भी दिया था। कंपनी के डायरेक्टरों की बातों में आकर उन्होंने अपार्टमेंट खरीदने के लिए हामी भर दी। जिसके बाद डायरेक्टरों ने एक फार्म दिया।
फार्म भरवाते समय तीनों आरोपियों ने उनसे 1 लाख रुपये का चेक व 39900 रुपये नगद लिए थे। जिसके बाद 26 जून 2014 को 1 लाख रुपये, 13 अगस्त 2014 को 4323 रुपये, 21 फरवरी 2015 को नगद 1 लाख 44 हजार 223 रुपये व 39900 रुपये नगद लिए थे। इस तरह से आरोपियों ने करीब 428 346 रुपये ऐंठ लिए। हर भुगतान के बाद आरोपियों ने डॉक्टर को रसीदें भी मुहैया कराईं थीं। काफी समय तक पैसे और अपार्टमेंट न देने पर पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने रुपये देने के लिए मना कर दिया।
डॉक्टर ने बताया कि जानकारी निकालने पर पता चला कि तरुन जगोता का हार्टमन पुल के पास क्रियेथिस स्कूल भी है। बताया कि उनके अस्पताल में कार्यरत तीन अन्य लोगों से भी आरोपियों ने फ्लैट देने के नाम पर लाखों की ठगी की है। चिकित्सक की शिकायत पर सुभाष नगर पुलिस ने चारों आरोपियों समेत, ग्लोबल प्रॉपर्टीज के वेद प्रकाश व एसीई इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर सुभाष नगर नरेश त्यागी ने बताया कि शिकायत के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है, दोषी होने पर कार्रवाई की जाएगी।
