हल्द्वानी: सेना की लिखित परीक्षा तीसरी बार स्थगित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से रविवार 25 जुलाई को प्रस्तावित पिथौरागढ़ व चम्पावत के अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा एक बार फिर स्थगित हो गई है। यह लिखित परीक्षा तीसरी बार स्थगित हो चुकी है। थल सेना भर्ती कार्यालय के अधीन 15 फरवरी से 22 फरवरी तक सेना छावनी रानीखेत में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से रविवार 25 जुलाई को प्रस्तावित पिथौरागढ़ व चम्पावत के अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा एक बार फिर स्थगित हो गई है। यह लिखित परीक्षा तीसरी बार स्थगित हो चुकी है। थल सेना भर्ती कार्यालय के अधीन 15 फरवरी से 22 फरवरी तक सेना छावनी रानीखेत में पिथौरागढ़ व चंपावत के युवाओं की भर्ती रैली हुई थी।

शारीरिक व चिकित्सा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की 25 जुलाई को लिखित परीक्षा निर्धारित की गई थी। लेकिन इस बार भी यह परीक्षा स्थगित कर दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय के हवाले से जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार लिखित परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

इससे पहले दो बार हो चुकी है स्थगित
इससे पहले भी 25 अप्रैल व 27 जून कोकोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए लिखित परीक्षा स्थगित की जा चुकी है। इस बार भी परीक्षा स्थगित करने का कारण कोरोना संक्रमण बताया जा रहा है। आने वाले समय में घोषित परीक्षा कार्यक्रम भी कोरोना संक्रमण के ताजा हालातों को देखने के बाद ही तय किया जाएगा। इसके बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र बांटने का काम शुरू होगा।

चंपावत के अभ्यर्थियों की हुई फजीहत
चंपावत जिले के साथ ही सीमांत जनपद के दूरदराज के क्षेत्रों से कई अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ही पिथौरागढ़ पहुंच गए थे। यहां परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलने पर उन्हें भारी फजीहत झेलनी पड़ी। पिथौरागढ़ जिले के दूरदराज से भी कई परीक्षार्थी मुख्यालय पहुंच चुके थे। उन्हें फिर वापस लौटना पड़ा। बार-बार परीक्षा स्थगित होने से बेरोजगार अभ्यर्थियों में मायूसी छाई है।

 

संबंधित समाचार