टनकपुर: स्वाला के पास पहाड़ खिसकने से टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग फिर हुआ बंद
अमृत विचार,टनकपुर। टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास शनिवार को सुबह 10 बजे आए मलबे के कारण एक बार फिर से एनएच पूरी तरह से बंद हो गया। जिससे आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इस दौरान पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को जाने वाले सैकड़ों यात्री भी मार्ग में फंसे रहे,जिससे …
अमृत विचार,टनकपुर। टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास शनिवार को सुबह 10 बजे आए मलबे के कारण एक बार फिर से एनएच पूरी तरह से बंद हो गया। जिससे आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इस दौरान पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को जाने वाले सैकड़ों यात्री भी मार्ग में फंसे रहे,जिससे उन्हें भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
इधर चम्पावत के जिलाधिकारी विनीत तोमर और पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने भी स्वाला क्षेत्र में जाकर बंद हुए मार्ग का का जायजा लेते हुए कार्यदाई संस्था से मार्ग को ठीक दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि आवाजाई सुचारू हो सके। भले ही 2 दिन से पहाड़ और मैदानी क्षेत्र में बारिश थम गई है लेकिन अभी भी पहाड़ों में भूस्खलन होने का सिलसिला जारी है।
शनिवार सुबह 10 बजे स्वाला के पास जबरदस्त भू-स्खलन होने से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा खिसक कर सड़क पर आ गया। घटना के वक्त सड़क पर कोई वाहन न होने से बड़ा हादसा टल गया। सड़क बंद होने से चम्पावत और टनकपुर की ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। काफी अधिक मात्रा में मलबा गिरने से जल्दी सड़क खुलने की संभावना न देख प्रशासन ने रोडवेज की बसों एवं निजी वाहनों को चम्पावत और टनकपुर की ओर भेजना शुरू कर दिया।
मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह 10 बजे से एनएच पर आवागमन सुचारू हो गया था। शनिवार सुबह 10 बजे स्वाला के पास करीब सौ मीटर पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभरा कर सड़क पर आ गया। इस दौरान सड़क पर कोई वाहन न होने से बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ खिसकने के कुछ देर पूर्व टनकपुर की ओर से आ रही अल्टो कार संख्या- यूके 03टीए, 1357 पर बोल्डर पिछे शीशे पर गिरा। जिसे देख कार में सवार खेतीखान निवासी बृजेश सिंह कार से बाहर आकर भागने लगा वैसे ही पहाड़ी से गिरा दूसरा पत्थर उसके सर पर जा लगा। घायल को कार चालक जिला अस्पताल ले गया।
इधर एनएच ईई एलडी मथेला ने बताया कि मलबा अत्यधिक होने से मार्ग खुलने में देरी हो सकती है। पुलिस ने टनकपुर ककरालीगेट और चम्पावत में वाहनों को रोक दिया है। सूचना के बाद जिलाधिकारी विनीत तोमर, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, तहसीलदार ज्योति धपवाल आदि अधिकारी भी बंद हुए मार्ग स्थल पर पहुंचे व कार्यदाई संस्था को मार्ग जल्दी खुलने को कहा। डीएम ने स्थिति का जायजा लेते हुए एनएच और ऑलवेदर रोड का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क खोलने के निर्देश दिए। इधर चार दिन पूर्व बंद अमोड़ी-खटोली सड़क के अलावा आधा दर्जन से अधिक अन्य सड़कें अभी भी नहीं खोली जा सकी हैं। मार्ग बंद होने से कई वाहन व यात्री भी मार्ग में ही फंसे पड़े हैं जिससे उनको भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।इधर देर शाम समाचार लिखे जाने तक मार्ग को नहीं खोला जा सका था।
भारतोली के पास पहाड़ी दरकने से मकानों को हुआ खतरा
टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाराकोट के भारतोली ग्रिफ कैंप के पास पहाड़ी दरकने से पांच मकान खतरे की जद में आ गए हैं। शुक्रवार की देर रात पहाड़ी दरकने से मलबा सड़क में आ जाने से वाहनों का संचालन भी बंद हो गया। शुक्रवार की देर रात पहाड़ी दरकने से मुकोट गांव निवासी पुष्कर सिंह, राम सिंह, कल्याण सिंह, किशन सिंह, भवान सिंह, बलवंत सिंह, नारायण सिंह, पुष्पा देवी के मकान खतरे की जद में आ गए है। घरों के आंगन व मकानों में दरार आने से खतरा पैदा हो गया है। अचानक पहाड़ी दरकने से आए मलबे और बोल्डरों से सड़क पट गई।
सुबह के समय बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होने से सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए। पिथौरागढ़ सेना भर्ती स्थगित होने के बाद लोहाघाट आ रहे यात्री देवेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि मलबे के साथ बोल्डर आ रहे थे। सड़क बंद होने से यात्री बड़ी संख्या में फंसे हुए हैं। एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर मशीनों को भेज दिया गया। अत्यधिक मलबा होने से मार्ग खोलने में देरी हो रही है। शीघ्र सड़क खोल दी जाएगी।
सिंचाई विभाग के एसडीओ ने लिया जायजा
टनकपुर।भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मंडल अध्यक्ष पूरन मेहरा एवं सिंचाई विभाग के एसडीओ डीसी कांडपाल के साथ ग्राम सभा गैंडा खाली में शारदा नदी से हो रहे भू कटाव का जायजा लिया। कार्यकर्ताओं ने एसडीओ को भू-कटाव वाले क्षेत्रों को दिखाया और शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की। इस दौरा मंडल महामंत्री मुकेश जोशी,अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष मदन कुमार, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बच्चन सिंह, सहकारी समिति अध्यक्ष नारायण सिंह महर मौजूद रहे।
