उन्नाव: दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आए किशोर की डूबने से मौत
उन्नाव। गुरु पूर्णिमा पर दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया रायबरेली जनपद का एक किशोर गंगा की लहरों के समा गया। किशोर के डूबने की खबर से बक्सर घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी खोज शुरू करा दी है। खबर लिखे जाने तक …
उन्नाव। गुरु पूर्णिमा पर दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया रायबरेली जनपद का एक किशोर गंगा की लहरों के समा गया। किशोर के डूबने की खबर से बक्सर घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी खोज शुरू करा दी है। खबर लिखे जाने तक प्रयास जारी थे। अभी तक उसका पता नही चल सका है। मिली जानकारी के मुताबिक रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के लखनापुर गांव निवासी राज (17) पुत्र संतोष अपने दोस्तों रंजीत, सुमित, बच्चन बाबू व संदीप निवासी लखना पुर थाना सरेनी जनपद रायबरेली के साथ साइकिल से गुरु पूर्णिमा पर जिले के बारा सगवर थाना क्षेत्र में स्थित बक्सर घाट में स्नान करने आया था।
सुबह तकरीबन 7 बजे सभी दोस्त स्नान कर रहे थे इसी दौरान राज डूबने लगा। यह देख उसके साथियों ने शोर मचाया लेकिन तब तक वह उफनाती गंगा की लहरों में ओझल हो गया। इसकी जानकारी जब बक्सर चौकी पुलिस को हुई तो आनन फानन घाट पर मौजूद गोताखोरों को किशोर की तलाश में लगाया गया। खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका। दोस्तों ने उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन बक्सर घाट पर पहुंचे। मां गीता पिता संतोष पासवान बेटे की एक झलक पाने को बेहाल दिखे। बहन लक्ष्मी, पूजा व कंचन रो रोकर बेहाल है। हादसे की सूचना मिलते ही बक्सर घाट पहुंचे एसडीएम बीघापुर अंकित शुक्ला सीओ बीघापुर अंजनी कुमार रॉय तहसीलदार दिलीप कुमार थाना प्रभारी बारा सगवर राकेश कुमार सिंह पुलिस बल समेत मौके पर मौजूद रहे।
घोड़ा गाड़ी चलाकर करता था गुजारा
पिता संतोष पासवान ईट भट्टे में घोड़ा गाड़ी चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। लेकिन इसी वर्ष फरवरी माह में रीढ़ का ऑपरेशन कराने बाद से परिवार की सारी जिम्मेदारी बेटे राज के कंधों पर थी। कक्षा 7 की पढ़ाई अधूरी छोड़ने के बाद उसी भट्टे में घोड़ा गाड़ी चलाने लगा था। जिसमे राज के पिता संतोष पासवान घोड़ा गाड़ी चलाते थे। चौकी प्रभारी बक्सर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि डूबे युवक की तलाश शुक्लागंज से बुलाये गोताखोरों के द्वारा की जा रही है। गंगा में बहाव तेज होने के कारण कुछ गोताखोरों को गेंगासों घाट पर भेज कर तलाश कराई जा रही है।
