बरेली: आंगनबाड़ी की स्मार्ट वर्किंग की योजना धड़ाम
बरेली, अमृत विचार। पोषाहार वितरण से लेकर बच्चों से संबंधित सभी तरह के सर्वे को रजिस्टर में दर्ज करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत स्मार्ट वर्किंग के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को स्मार्ट फोन देने का फरमान पिछले साल जारी किया गया था। मकसद था कि विभाग …
बरेली, अमृत विचार। पोषाहार वितरण से लेकर बच्चों से संबंधित सभी तरह के सर्वे को रजिस्टर में दर्ज करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत स्मार्ट वर्किंग के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को स्मार्ट फोन देने का फरमान पिछले साल जारी किया गया था। मकसद था कि विभाग में ऑफलाइन किए जाने वाले सभी काम ऑनलाइन हो लेकिन लंबे समय बाद भी यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी। इसकी एक वजह कोरोना काल भी बताई गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. आरबी सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में मंडल के दो जिले शाहजहांपुर और पीलीभीत में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन देने की मंजूरी मिली थी। इसके बाद दूसरे चरण में बरेली जिले के आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन देने के लिए शासन से मंजूरी मिली थी लेकिन कोरोना काल समेत कुछ अन्य कारणों से शासन स्तर से ही स्मार्ट फोन उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं।
मिलेगा अलर्ट मैसेज
नवजात शिशु को समय-समय पर लगने वाले टीकाकरण के बारे में आंगनबाड़ी कार्यकत्री को ही सूचना देनी होती है। ऐसे में स्मार्ट फोन के एप में डाटा डाउनलोड करने के बाद सूचना देने का काम भी खत्म हो जाता है। एप पर सभी डाटा उपलब्ध होने पर अभिभावक को मोबाइल पर अलर्ट संदेश के जरिये बच्चे को किस दिन कौन सा टीकाकरण लगना है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर लगने वाले टीकाकरण की जानकारी मिलेगी। गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने के लिए इस एप में एक फिल्म भी होगी।
कागज की होगी बचत
विभागीय कर्मी बताते हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को यदि स्मार्ट फोन मिल जाए तो कागजी कार्य बिल्कुल खत्म हो जाएगा। आंगनबाड़ी अभी 11 तरीके के रजिस्टर मेंटेन करती हैं। फोन मिलने के बाद सभी कामकाज इस एप के माध्यम से अपडेट होंगे। इससे कागज की बचत तो होगी ही, साथ ही जो कार्यकत्री अपने काम को कई कई दिन तक लटकाए रखती थीं, उनको तुरंत एप पर अपडेट करना होगा। अगर वह लेटलतीफी करेगी तो एप पर रेड अलर्ट आ जाएगा।
