बरेली: पूर्व शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज नेशनल हाईवे अंडरपास के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक कपिल कुमार पर लाखों रुपयों की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। वर्तमान शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने 2776126.64 रुपए का नुकसान दिखाया है, जो सार्वजनिक धन है। पुलिस मामले की जांच कर …

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज नेशनल हाईवे अंडरपास के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक कपिल कुमार पर लाखों रुपयों की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। वर्तमान शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने 2776126.64 रुपए का नुकसान दिखाया है, जो सार्वजनिक धन है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शाखा प्रबंधक सौरभ त्रिवेदी ने रविवार को थाने में दिए प्रार्थना पत्र में पूर्व शाखा प्रबंधक पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने जैसे ही बैंक का चार्ज लिया तो उनसे पूर्व शाखा प्रबंधक कपिल कुमार के विरुद्ध विभिन्न अनियमितताओं के संबंध में ऑडिट रिपोर्ट आदि के आधार पर जांच विचारधीन थीं। जिस धोखाधड़ी की जांच मुख्य प्रबंधक अनूप कुमार टंडन बीसीडीएम डिपार्टमेंट लखनऊ द्वारा की जा रही थी। मुख्य प्रबंधक द्वारा 2 मार्च को अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की गई।

जिसमें पूर्व प्रबंधक कपिल कुमार के विरुद्ध कुछ खातों में गंभीर अनियमितताएं एवं बैंक खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की पुष्टि हुई। वर्तमान शाखा प्रबंधक ने बताया कि जांच आख्या की छाया प्रति और धोखाधड़ी वाले प्रभावित खातों की सूची संलग्न कर उच्चाधिकारियों को सौंपी है। प्रभावित खातों में धोखाधड़ी से लगभग 2776126.64 रुपये का आहरण करके बैंक को नुकसान पहुंचाया है, जो सार्वजनिक धन है। उन्होंने कपिल कुमार पर आपराधिक कृत्य व धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने थाना प्रभारी मीरगंज को दिए शिकायती पत्र में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

कोल्ड ड्रिंक व्यापारी के साथ हुई धोखाधड़ी
इससे पूर्व कोल्ड ड्रिंक व्यापारी के खाते से तब लाखों रुपए की धोखाधड़ी हुई थी जब कपिल कुमार शाखा प्रबंधक थे। गत दिनों सितंबर 2020 में एक कोल्ड ड्रिंक व्यापारी का बैंक में केसीसी अकाउंट था। जिसमें उन्होंने दो लाख रुपए का लोन चुकता कर दिया था, फिर स्टेटमेंट में देखा तो 53,4000 रुपए बकाया थे। व्यापारी ने छानबीन की तो उसे लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। व्यापारी के भाई ने शाखा प्रबंधक से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि आपकी धनराशि 30 सितंबर तक खाते में पहुंच जाएगी। वह 10 दिन से ऑडिट के कार्य में हेड ऑफिस में अटैच हैं।

दूसरे के खाते में जमा कर दी गई थी धनराशि
तहसील में गांव पैगानगरी की महिला के अकाउंट में लगभग साढ़े तीन लाख रुपए जमा थे। उसने 70 -70 हजार की तीन बीमा पॉलिसी ली थीं। बैंक ने उनके खाते से 80 हजार की धनराशि दूसरे किसी खाते में ट्रांसफर कर दी। जिसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी। इसके अलावा जब कपिल कुमार शाखा प्रबंधक मीरगंज थे, तो व्यापारियों व ग्राहकों के साथ कई अनियमितताएं और धोखाधड़ी की गई थीं। जिसकी शिकायत नेताओं, जिला स्तरीय अधिकारी व समाधान दिवस आदि में की गई थी। जिसका कोई समाधान नहीं हुआ था। इसकी लगभग एक साल बाद रिपोर्ट दर्ज हुई।

थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि कपिल कुमार पूर्व शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें…

बरेली: कुतुबखाना सब्जी मंडी की जांच करने जाएगी नगर निगम की टीम

संबंधित समाचार