अल्मोड़ा: ड्यूटी से लौट रहा होमगार्ड स्कूटी समेत नाले में बहा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण एक बार यहां नदी नाले उफान पर आ गए हैं। बुधवार को जिले की चौखुटिया तहसील में डयूटी से घर की ओर लौट रहा एक होमगार्ड अगनेरी मंदिर के पास उफनाए नागाड़ गधेरे की चपेट में आ गया। सूचना के बाद प्रशासन और …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण एक बार यहां नदी नाले उफान पर आ गए हैं। बुधवार को जिले की चौखुटिया तहसील में डयूटी से घर की ओर लौट रहा एक होमगार्ड अगनेरी मंदिर के पास उफनाए नागाड़ गधेरे की चपेट में आ गया। सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है।
चौखुटिया तहसील के सोनगांव निवासी राकेश किरौला पुत्र मोहन सिंह होमगार्ड के पद पर कार्यरत है और इन दिनों उसकी डयूटी चौखुटिया थाने में थी। बुधवार की सुबह चार बजे के आसपास डयूटी खत्म होने के बाद वह अपनी स्कूटी से अपने घर की ओर रवाना हुआ। अगनेरी मंदिर के पास आते ही अपण बाजार सब्जी मंडी के पास जैसे ही उसने नागाड़ नाले को पार करने की कोशिश की। वह अनियंत्रित हो गया और नाले के तेज बहाव में स्कूटी के साथ बह गया। सुबह होने पर कुछ लोगों ने नाले से सौ मीटर दूर स्कूटी को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पूछताछ के दौरान पता चला कि स्कूटी होमगार्ड राकेश किरौला की है। आनन फानन में नायब तहसीलदार हेमंत सिंह मेहरा और पुलिस मौके पर पहुंची। मेहरा ने बताया कि रात भर बारिश होने के कारण नागाड़ गधेरा उफान पर है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम दोपहर तक रामगंगा नदी में भिकियासैंण के राम मंदिर तक राकेश की तलाश कर चुकी है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन का रेस्क्यू अभी जारी है लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए अब यहां एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। इधर सूचना मिलने के बाद राकेश के परिजनों और गांव वालों में कोहराम मचा हुआ है।
