टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सातवें दिन भी रहा बंद
अमृत विचार,टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को सातवें दिन भी नहीं खुल सका। राष्ट्रीय राजमार्ग के भारतोली के पास आए मलबे को हटाने के लिए एनएच के लिए अब खासी चुनौती बनती जा रही है। वहीं, टनकपुर-लोहाघाट रोड पर गुरुवार दोपहर से आवागमन सुचारू हो गया। टनकपुर पूर्णागिरि मार्ग के हनुमान चट्टी के पास आए …
अमृत विचार,टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को सातवें दिन भी नहीं खुल सका। राष्ट्रीय राजमार्ग के भारतोली के पास आए मलबे को हटाने के लिए एनएच के लिए अब खासी चुनौती बनती जा रही है। वहीं, टनकपुर-लोहाघाट रोड पर गुरुवार दोपहर से आवागमन सुचारू हो गया। टनकपुर पूर्णागिरि मार्ग के हनुमान चट्टी के पास आए बड़े बोल्डर को अभी तक नहीं हटाया जा सका है, जिसके कारण 12 वें दिन भी पूर्णागिरि मार्ग बंद रहा।
टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला के पास छठे दिन गुरुवार गुरुवार दोपहर दो बजे मलबा हटाकर टनकपुर से लोहाघाट तक आवागमन सुचारू कर दिया गया था। इसके बाद भी स्वाला समेत कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आते रहे, लेकिन इससे आवागमन प्रभावित नहीं रहा। टनकपुर से लोहाघाट तक वाहनों की आवाजाही सुचारू चल रही है। लेकिन लोहाघाट-पिथौरागढ़ रोड पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। यहां मलबा हटाने में हो रही देरी से टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर सात दिन से वाहनों का संचालन नहीं हो पाया है। भारतोली के पास लंबे समय बाद भी मलबा ना हटाए जाने पर कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं ने इस पर सवालिया निशान उठाने शुरू कर दिए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी ने बयान जारी कर इसके लिए कार्यदायी संस्था एवं प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि सात दिन से नेशनल हाईवे बंद होना सरकार को भी कटघरे में खड़ा करता है। एनएच बंद होने से न केवल चम्पावत बल्कि पिथौरागढ़ की जनता को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि भारतोली के पास मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। टम्टा बैंड पर लगातार गिर रहे मलबे के कारण सड़क खोलने में देरी हो रही है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे फिर से बड़ी मात्रा में मलबा आया है। जल्द ही इस मार्ग को खोलकर आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया जाएगा। इधर, सड़क बंद होने से अभी भी यात्रियों को पिथौरागढ़ जाने के लिए अल्मोड़ा होते हुए निकलना पड़ रहा है। लोहाघाट-से टनकपुर तक की रोड खुलने से पेट्रोल, डीजल और सब्जी किराना सामग्री की आपूर्ति शुरू हो गई है। जिले की सात ग्रामीण सड़कें अभी नहीं खोली नहीं जा सकी है।
मलबा हटाने के काम में लाएं तेजी : डीएम
टनकपुर। डीएम विनीत तोमर ने भारतोली में मलबा आने से सात दिन से बंद सड़क खोलने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने मौके पर जाकर एनएच द्वारा सड़क खोलने के लिए किए जा रहे कार्यों को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मलबा हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे एनएच को जल्द से जल्द सुचारू किया जा सके।
एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि लगातार मलबा गिरने से सड़क नहीं खोली जा सकी है। चट्टान के गिर रहे पत्थरों से ऑपरेटर एवं मजदूरों को भी खतरा है। इस क्षेत्र से मलबा हटाने के लिए चार पोकलैंड लगाई गई हैं, जल्दी ही मार्ग को खोल दिया जाएगा डीएम के आने की सूचना मिलने पर भारतोली पहुंचे संतोला गांव निवासी लक्ष्मी दत्त ने बताया कि मलबा आने से उनके मकान को खतरा पैदा हो गया है और जान माल का खतरा मंडरा रहा है।
डीएम ने स्थिति समान्य होने तक अन्यत्र शिफ्ट होने का सुझाव देते हुए कहा कि इसका किराया प्रशासन की ओर से दिया जाएगा। इस मौके पर एडीएम टीएस मर्तोलिया, तहसीलदार विजय गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
