अल्मोड़ा: लोनिवि ने काटी ओएफसी लाइन, बीएसएनएल ने मांगे सवा लाख
अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर की माल रोड की मरम्मत के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा बीएसएनएल की ओएफसी लाइन को नुकसान पहुंचाने पर भारत संचार निगम लिमिटेड ने लोक निर्माण विभाग पर सवा लाख से अधिक के नुकसान का हर्जाना मांगते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। निगम के अधिकारियों ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर की माल रोड की मरम्मत के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा बीएसएनएल की ओएफसी लाइन को नुकसान पहुंचाने पर भारत संचार निगम लिमिटेड ने लोक निर्माण विभाग पर सवा लाख से अधिक के नुकसान का हर्जाना मांगते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। निगम के अधिकारियों ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है।
दरअसल नगर के माल रोड पर चौघानपाटा में सड़क धंसने के कारण पिछले दो दिनों से लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए विभाग द्वारा जेसीबी मशीन का प्रयोग किया गया। मरम्मत कार्य के दौरान यहां से गुजर रही भारत संचार निगम लिमिटेड की ओएफसी लाइन जेसीबी मशीन की चपेट में आ गई और लाइन पूरी तरह कट गई।
जिस कारण दो दिनों से नगर के सैंकड़ों लैंडलाइन और इंटरनेट उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर लाइन कटने के बाद बीएसएनएल के उपखंड अभियंता संजय सिन्हा ने कोतवाली में रिपोर्ट में कहा है कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण विभाग को करीब सवा लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जबकि निगम के उपभोक्ताओं को भी दो दिनों तक काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सिन्हा ने लोनिवि से निगम को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग भी है।
