काशीपुर: पुलिस ने किए चार हाईवे लुटेरे गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। कुंडा पुलिस ने हाईवे पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले हाईवे लूटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान लूटेरों से लूटा गया सामान व तमंचा बरामद किया गया। उजाला हॉस्पिटल में वार्डबॉय के पद पर कार्यरत शेरकोट जनपद बिजनौर यूपी निवासी नितिन कुमार ने बीती रविवार को तहरीर …

काशीपुर, अमृत विचार। कुंडा पुलिस ने हाईवे पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले हाईवे लूटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान लूटेरों से लूटा गया सामान व तमंचा बरामद किया गया।

उजाला हॉस्पिटल में वार्डबॉय के पद पर कार्यरत शेरकोट जनपद बिजनौर यूपी निवासी नितिन कुमार ने बीती रविवार को तहरीर देकर कहा था कि वह रविवार दोपहर करीब तीन बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर जाने के लिए जसपुर रोड पर आकांक्षा मार्बल के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी आकर रुकी जिसमें सवार लोग उससे चलने के लिए कहने लगे।

जब उसने मना कर दिया तो उन्होंने कम किराया का लालच देकर उसे पिकअप गाड़ी में पीछे की तरफ बैठा लिया। गाड़ी में पीछे की तरफ दो व्यक्ति ओर थे। कुछ दूर आगे चलकर चौकी मंडी के आगे से एक व्यक्ति गाड़ी रुकवाकर पीछे आ गया और गाड़ी जसपुर के लिए चल दी। जब गाड़ी गोविंदपुर के पास पहुंची तो गाड़ी में मौजूद लोगों ने उसके साथ छीना झपटी शुरू कर दी उसका पर्स और हाथ घड़ी छीन ली। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे गाड़ी से धक्का दे दिया और फरार हो गए। घटना का खुलासा करते हुए एसपी काशीपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि लूट की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो टीमों का गठन किया।

साथ ही पुलिस टीम सभी चैक पोस्ट व बैरियर पर सघन चेकिंग करने लगी। इस दौरान पुलिस ने हल्दुआ शाहू से श्यामनगर-ठाकुरद्वारा रोड पर पिकअप गाड़ी को रोक कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मौ. नासिर पुत्र नन्हें व ताहिर पुत्र नखरू निवासी ग्राम ढकियापीरू थाना डिलारी जिला मुरादाबाद यूपी, रिंकू पुत्र रामकिशन वर्मा निवासी ग्राम चुचेला कला थाना धनौरा मंडी जिला अमरोहा हाल निवासी लाइनपार चाऊ की बस्ती निकट शिव मंदिर चौकी रामतलैय्या मुरादाबाद और रामरतन पुत्र रामस्वरूप निवासी शांतिनगर लाइनपार चौकी मंडी थाना मझौला जिला मुरादाबाद यूपी बताया। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया एटीएम कार्ड, आधार कार्ड मय चार फोटो, पर्स, 3170 रुपए व घड़ी वहीं ताहिर के पास से एक चाकू जबकि नासिर के पास से एक 315 बोर का तमंचा दो कारतूस बरामद किए।

ऐसे देते थे घटना को अंजाम

काशीपुर। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया की सभी आरोपी पिकअप गाड़ी से लगातार घूमते रहते हैं और बस अड्डो, सार्वजनिक जगहों जहां पर सवारी के लिए व्यक्ति इंतजार करते हैं वहीं पर गाड़ी लगाते हैं और कम किराया की बात कर व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठा लेते। इस दौरान लूटपाट कर गाड़ी को धीमी कर पीड़ित को धक्का देकर फरार हो जाते। लूट के दौरान जो भी रुपए मिलते आरोपी आपस में बांट लेते थे। पकड़े जाने के डर से आरोपी किसी का मोबाइल नहीं लूटते हैं। एसपी कुमार ने बताया कि यूपी क्षेत्र में बीते 10-12 दिन में आरोपी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी नासिर गैंग का लीडर है। जबकि ताहिर पिकअप चलाता है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित समाचार