शाहजहांपुर: वोट न देने के विवाद में बुजुर्ग की पीट- पीटकर हत्या
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना कांट के गांव इंदेपुर में प्रधानी के चुनाव में वोट न देने की रंजिश में बुजुर्ग की पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। लाठी-डंडे चलने के साथ फायरिंग भी हुई। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी खड़ी लाचार नजर आई। दोनों ओर से …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना कांट के गांव इंदेपुर में प्रधानी के चुनाव में वोट न देने की रंजिश में बुजुर्ग की पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। लाठी-डंडे चलने के साथ फायरिंग भी हुई। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी खड़ी लाचार नजर आई। दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव इंदेपुर में सोमवार रात कृष्णपाल के घर दावत चल रही थी। वहीं चौराहे के पास मुकेश अपनी परचून की दुकान पर बैठा था। पूर्व प्रधान वीरेंद्र ने मुकेश और उसके परिवार पर चुनाव में वोट न देने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। मुकेश और उसके परिवार वालों ने पूर्व प्रधान को उलाहना देना शुरू कर दिया कि गेहूं खरीद में घपलेबाजी का आरोप लगाकर शिकायत क्यों की गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-चलने लगे जिसमें मुकेश का भाई रमेश लहूलुहान हो गया।
मंगलवार सुबह सात बजे फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट में पूर्व प्रधान के मौसा बलवीर सिंह (65) की मौत हो गई। बलवीर के बेटे नीटू की ओर से प्रधान हरिराम समेत आठ लोगों के खिलाफ 308, 304 आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है, वहीं विपक्षी उमेश की तहरीर पर पूर्व प्रधान वीरेंद्र और उनके दो भाइयों के खिलाफ धारा 308 आदि के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कांट के गांव इंदेपुर में रंजिशन हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगीं हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। – संजय कुमार, एएसपी सिटी
