हल्द्वानी: मौसम की मार, एक माह में दो बार बढ़े सब्जियों के दाम
हल्द्वानी, अमृत विचार। महंगी सब्जियों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। सब्जियों के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश की वजह से ऐसा हुआ है। मानसून की बारिश शुरू होने से जहां एक तरफ किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है तो वहीं इसका असर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। महंगी सब्जियों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। सब्जियों के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश की वजह से ऐसा हुआ है।
मानसून की बारिश शुरू होने से जहां एक तरफ किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है तो वहीं इसका असर जनता की जेबों पर भी पड़ा है। बारिश होने की वजह से इस बार कम सब्जियां आ रहीं हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश की वजह से पहाड़ से सब्जियां यहां तक नहीं पहुंच पा रही हैं और जो सब्जियां आ रहीं हैं उनके दाम भी बहुत बढ़ गये हैं। वहीं लोगों का कहना है कि महंगाई चरम सीमा पर है उसके ऊपर से सब्जियां भी महंगी हो गई हैं।
साथ ही डीजल के दामों में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। इस वजह से ढुलाई भाड़ा भी बढ़ गया है। इस पर बारिश की वजह से सब्जियों के दाम का बढ़ना लोगों की कमर तोड़ने का काम कर रहा है। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की ने बताया कि बारिश की वजह से इस माह में दो बार सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है।
सब्जियों के दाम
लौकी 15 से 18
तोरई 18 से 20
टमाटर 30 से 35
भिंडी 18-से 20
अचार मिर्च 30 से 35
कद्दू 10 से 13
पहाड़ी मुला 20
अरबी 22 से 25
पहाड़ी आलू 18 से 20
मैदानी आलू 9 से 11
धनिया 100 से 120
(प्रति किलोग्राम का मूल्य)
राशन की दुकानों पर नहीं मिल रहा अतिरिक्त राशन
जहां एक ओर महंगाई की मार से लोग परेशान हैं वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार ने अतिरिक्त राशन देने की योजना से हाथ पीछे खींच लिए हैं। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर अतिरिक्त राशन नहीं मिलेगा। एपीएल कार्ड धारकों को पूर्व की ही भांति पांच किलो गेंहू और ढाई किलो चावल मिलेगा। साथ ही इस माह सस्ती चीनी भी उपलब्ध नहीं होगी। जबकि पूर्व में एपीएल राशन कार्ड धारकों को दस किलो गेंहू और साढ़े सात किलो चावल अतिरिक्त दिया जा रहा था। एआओ गिरीश जोशी ने बताया कि इस बार अगस्त माह के लिए पूर्व की भांति ही राशन आया है।
