हल्द्वानी: 8 व 9 अगस्त को जमकर बरस सकते हैं मेघ
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से जन-जीवन पर असर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में बारिश से कई मार्ग बाधित हो गए हैं, व कई स्थानों में भूस्खलन होने से आवाजाही बंद हो गई है। मैदानी इलाकों में बारिश से कई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से जन-जीवन पर असर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में बारिश से कई मार्ग बाधित हो गए हैं, व कई स्थानों में भूस्खलन होने से आवाजाही बंद हो गई है। मैदानी इलाकों में बारिश से कई स्थानों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के पहाड़ी इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश जारी रहेगी। जिले के पहाड़ी इलाकों में 8 व 9 अगस्त को भारी बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को जिले के पहाड़ी इलाकों में सुबह से कोहरा व मध्यम बारिश जारी रही। पहाड़ों में हो रही बारिश से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। इससे पहाड़ी इलाकों में हल्की ठंड बढ़ गई है। मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में सुबह हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश से जलभराव की स्थिति बनी रही। जिले में मध्यम से भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम 25 और नैनीताल का अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 16 डिग्री रिकार्ड किया गया।
खेतीबाड़ी के लिए बेहतर बारिश
मानसून की बारिश से जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश खेतीबाड़ी के लिए बेहतर मानी जा रही है। पर्वतीय इलाकों में असिंचित भूमि (सिंचाई का कोई साधन नहीं) के लिए बेहतर मानी जा रही है। जिले के पहाड़ी इलाकों में बरसात के सीजन में मुख्य तौर पर फल-सब्जियां, धान व मडुआ की पैदावार की जाती है। मैदानी इलाकों में भी बारिश से खेतों में नमी बनी हुई है। बारिश से धान, सोयाबीन आदि की पैदावार बेहतर हो सकती है। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. धनपत कुमार ने बताया कि मानसून की बारिश खेतीबाड़ी के लिए बेहतर है। इससे किसानों को मदद मिलेगी।
