रुद्रपुर: बालक को छोड़कर अपहरणकर्ता हुआ फरार, पुलिस तलाश में जुटी
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से अगवा किये गये बालक को पुलिस ने यूपी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। बालक को अगवा कर एक व्यक्ति पुलिस को सीसीटीवी में नजर आया था। जोकि उसे यूपी क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। शुक्रवार को एसपी सिटी …
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से अगवा किये गये बालक को पुलिस ने यूपी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। बालक को अगवा कर एक व्यक्ति पुलिस को सीसीटीवी में नजर आया था। जोकि उसे यूपी क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
शुक्रवार को एसपी सिटी ममता वोहरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिडकुल में काम करने वाला भद्रपाल थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा कालोनी में अपने परिवार के साथ रहता है। बुधवार की शाम तीन बजे उसका पांच वर्षीय बेटा मोहित अपने भाई के साथ पास की दुकान में सामान लेने गया था। इस बीच मोहित वापस नही आया। जिसकी परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की लेकिन उसका कही कुछ पता नहीं चला।
जिसके बाद उन्होने पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि बालक का पता लगाने के लिए चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो मोहित अपने बड़े भाई के साथ जाता दिखाई दिया। थोड़ी देर बाद अकेला भाई ही कैमरे में दिखाई दिया था। बाद में एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ मासूम पैदल जाता हुआ सीसीटीवी में दिखायी दिया। बताया कि शिनाख्त के लिए एसआई प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल दिनेश चन्द्र को लगाया गया।
शास्त्रीनगर व गंगापुर रोड़ पर गड्डा कालोनी तथा पंचवटी गेट के सामने लगे सीसीटीवी के फुटेज देखे गये तो पता चला कि जो व्यक्ति घटना के समय बालक के पीछे जाता हुआ दिखाई दिया। वह बालक को ई-रिक्शा में बैठाकर रोडवेज रुद्रपुर की ओर ले जा रहा था। बालक को रोडवेज के अन्दर रोडवेज बसों की ओर जाता दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि थोड़ी देर में एसआई प्रदीप शर्मा के मोबाइल पर कॉल आयी। कॉलर ने बताया कि एक बालक जो अपना नाम मोहित निवासी ट्रांजिट कैंप बता रहा है। ग्राम सिररा मिलक जिला रामपुर में मिला है।
सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची। जहां बालक अमर सिंह के घर पर मिला। एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब नौ बजे बालक गांव से मिलक की ओर जाने वाली रोड पर रोता हुआ मिला। इसे ग्राम प्रधान की सहमति पर अमर सिंह के घर पर पहुंचा दिया गया। जिसको लेकर पुलिस वापस लौट आई और बालक को परिजनो कें सुपुर्द कर दिया। बताया कि पुलिस अपहरणकर्ता की तलाश कर रही है।
जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वही एसएसपी ने पुलिस टीम को 2500 ईनाम देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद फर्त्याल, एसआई धीरज टम्टा, एसआई प्रदीप शर्मा, एसआई कौशल भाकुनी, एसआई विजय सिंह, कांस्टेबल दिनेश चन्द्र, नीरज भोज, धर्मेन्द्र कुमार, कल्याण सिंह, नीरज शुक्ला आदि शामिल थे।
