बनबसा: सीमांत देवीपुरा में मगरमच्छ के आतंक से दहशत
बनबसा, अमृत विचार। सीमांत देवीपुरा ग्रामसभा में मगरमच्छ की दहशत फैली हुई है। रविवार को मगरमच्छ ने ग्रामीण की एक भैंस को मौत के घाट उतार दिया। प्रधान दीपक प्रकाश चंद ने बताया कि ग्रामीण सुरेश राम पुत्र स्व.ठगी राम की गाभिन भैंस रविवार सुबह धनुषपुल के पास शारदा नहर किनारे घास चर रही थी। …
बनबसा, अमृत विचार। सीमांत देवीपुरा ग्रामसभा में मगरमच्छ की दहशत फैली हुई है। रविवार को मगरमच्छ ने ग्रामीण की एक भैंस को मौत के घाट उतार दिया।
प्रधान दीपक प्रकाश चंद ने बताया कि ग्रामीण सुरेश राम पुत्र स्व.ठगी राम की गाभिन भैंस रविवार सुबह धनुषपुल के पास शारदा नहर किनारे घास चर रही थी। इसी दौरान पानी से निकले मगरमच्छ ने भैंस पर हमला कर दिया और खींचकर पानी में ले गया। भैंस के आवाज करने पर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे। उन्होंने बमुश्किल मगरमच्छ को भगाया और भैंस को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तक तक भैंस की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी रेलवे क्रॉसिंग के पास छोटा मगरमच्छ दिखाई दिया था। रविवार को बड़ा मगरमच्छ दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर आबादी से दूर छोड़ने की मांग की है। उधर, सूचना पर पहुंचे वन दरोगा भुवन चंद्र कांडपाल ने मौका मुआयना किया।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि भैंस की मौत मगरमच्छ के हमले में हुई है या फिर कोई और वजह है। फिलहाल ग्रामीणों के अनुसार भैंस की मौत मगरमच्छ के हमले में हुई है। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होती है तो पीड़ित व्यक्ति को विभाग की ओर से मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने मगरमच्छ नहीं पकड़े जाने तक ग्रामीणों से सावधान रहने के साथ ही नहर किनारे नहीं जाने और बच्चों का खास ध्यान रखने को कहा है।
