खटीमा: बंद पड़े ईंट के भट्टे में मिला टुकटुक चालक का शव
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के झनकट कस्बे के अंतर्गत एक बंद पड़े ईंट भटटे की झाड़ियों में एक टुकटुक चालक का संदिग्ध हालत में शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही नशे के इंजेक्शन व सीरिंज खाली पड़े होने से हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। …
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के झनकट कस्बे के अंतर्गत एक बंद पड़े ईंट भटटे की झाड़ियों में एक टुकटुक चालक का संदिग्ध हालत में शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही नशे के इंजेक्शन व सीरिंज खाली पड़े होने से हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टुकटुक चालक 8 अगस्त की शाम करीब छह बजे से लापता था, परिजनों ने सोमवार को गुमशुदगी की तहरीर भी सौंपी थी। शव सड़ागला मिला है, पुलिस की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार खेतलसंडाखाम निवासी 26 वर्षीय शुभम राणा पुत्र स्व. मनोज पिछले दो वर्षों से टुकटुक चला रहा था।
मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे झनकट के पास सड़ासड़िया में बंद पड़े कश्मीर सिंह के ईंट भटटे के परिसर स्थित झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली। इस पर सीओ मनोज कुमार ठाकुर, एसएसआई लक्ष्मण सिंह जगवाण ने टीम के साथ मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसआई कैलाश देव ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सौंपी गुमशुदगी में मृतक शुभम राणा की पत्नी अंजलि राणा ने कहा है कि उसका पति टुक-टुक चलाता है 8 अगस्त की शाम से लापता है। उसने शाम को सब्जी लेकर घर आने की बात कही थी। काफी खोजबीन के बाद उसका टुक टुक झनकट से आगे पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला।
इधर, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों का जमावड़ा लगा रहा। परिजनों ने बताया कि परिवार में दो भाईयों में पुनीत उससे बड़ा है। उसकी दो साल पहले अंजलि से शादी हुई थी, उसका अभी कोई बच्चा नहीं है। एसएसआई जगवाण ने बताया कि शव में कीड़े भी पड़े थे, शव के पास नशे के इंजेक्शन व सीरिंज पड़े मिले। अस्पताल में डॉ. केसी पंत ने पोस्टमार्टम किया। बताया गया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नशे की दवा के रैपर, सिरीज मिलने से नशे के कारोबारियांं पर नजर
खटीमा। झनकट क्षेत्र में नशे के कारोबारियों की गहरी पैठ लंबे समय से रूक-रूक कर सामने आते रही है। पिछले दो-तीन सालों में कई बार क्षेत्र के अनेक ग्रामीणा इलाकों में लोग आवाज उठा चुके हैं, लेकिन कुछ समय तक कोरोबारी शांत तो फिर सक्रिय हो जाते हैं। ताजा टुकटुक चालक शुभम राणा की संदिग्ध मौत में घटना स्थल से मिले सिरिंज व नशे के दवा के रैपर इसमें नशे से जुड़े लोगों के किसी न किसी रूप में जुड़े होने की आशंका बढ़ गई है। एसएसआई लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय नशे के कारोबारियों की जांच की जा रही है।
