रुद्रपुर: फर्जी साइट बनाकर लोगों को चूना लगा रहा था नाईजीरियन, पुलिस के हाथ चढ़ा
अमृत विचार, रुद्रपुर/हल्द्वानी। वर्तमान में साइबर अपराधी आम जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने हेतु अपराध के नये-नये तरीके अपनाकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। साइबर ठगों द्वारा विभिन्न आनलाइन ट्रेडिंग कम्पनियों की फर्जी साइट तैयार कर आम जनता से ई-मेल व दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क कर आनलाइन ट्रेडिंग में धनराशि लगाने व दुगना लाभ कमाने …
अमृत विचार, रुद्रपुर/हल्द्वानी। वर्तमान में साइबर अपराधी आम जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने हेतु अपराध के नये-नये तरीके अपनाकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। साइबर ठगों द्वारा विभिन्न आनलाइन ट्रेडिंग कम्पनियों की फर्जी साइट तैयार कर आम जनता से ई-मेल व दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क कर आनलाइन ट्रेडिंग में धनराशि लगाने व दुगना लाभ कमाने का लालच देकर अब करोडों रुपये की धोखाधडी की जा रही है। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने एक विदेशी मूल के युवक को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है।आरोपी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर बिना पासपोर्ट व वीजा के रह रहा था।
बता दें कि शेरगढी रावत मोहल्ला मंसूरी देहरादून निवासी अभिनव पंवार पुत्र बचन सिह पंवार के साथ साइबर ठगो द्वारा एक आनलाइन ट्रेडिंग कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर फोन एंव ई-मेल के माध्यम से सम्पर्क कर वेबसाइट में धनराशि इन्वेस्ट करने व दुगना लाभ कमाने का लालच देकर शिकायतकर्ता से 60,00,000 रुपये की धनराशि लगाकर धोखाधड़ी की थी।
जिसकी शिकायत पर साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जिसकी विवेचना निरीक्षक पंकज पोखरियाल के नेतृत्व में गठित टीम के सुपूर्द की थी। जिसमें विवेचना में आया कि पीड़ित की 60 प्रतिशत धनराशि बिटकॉइन के माध्यम से नाइजीरिया भेज दी गई है। शेष 40 प्रतिशत धनराशि उड़ीसा के बैंक शाखाओं में प्राप्त कर एटीएम के माध्यम से दिल्ली, एनसीआर आदि स्थानों से निकाली गई है।
जिसके बाद पुलिस ने धनराशि निकाले गये दिल्ली एनसीआर एटीएम मशीनो की जानकारी प्राप्त कर उनकी सीसीटीवी फुटेज प्राप्त की। जिसमें एक नाइजीरियन व्यक्ति पैसा निकालते हुए पाया गया। जिसकी पहचान कर पुलिस ने नाइजीरियन व्यक्ति की तलाश कर नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नाइजीरियन व्यक्ति ने अपना नाम एच.एन. 18 इहिली स्ट्रीट बहिन सिटी एदोस्टेट नाइजीरिया निवासी अर्नेस्ट मिचल ओहेन बताया।
आरोपी के पास से पुलिस को घटना में इस्तेमाल 8 मोबाइल व दो लैपटॉप भी बरामद हुए हैं। आरोपी बिना वीजा व पासपोर्ट के दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर छुपकर रह रहा था। जिस पर अभियुक्त के विरुद्व 14 विदेशी अधिनियम के अधीन भी कार्यवाही कर इसकी सूचना नाइजीरियन दूतावास को दे दी गई है। इस दौरान पुलिस टीम में निरीक्षक पंकज पोखरियाल (साइबर थाना), उ.नि0 राजीव सेमवाल (साइबर थाना), हे.कानि प्रो. सुरेश कुमार (साइबर थाना), कानि मुकेश कुमार (साइबर थाना), कानि कादिर खान (एसटीएफ) व कानि चालक सुरेन्द्र शामिल थे।
अपराध का तरीका
साइबर ठगों द्वारा विभिन्न आनलाइन ट्रेडिंग कम्पनी की फर्जी साइट बनाकर शिकायतकर्ता से फोन एंव ई-मेल के माध्यम से सम्पर्क कर साइट में धनराशि इन्वेस्ट करने व दुगना लाभ कमाने का लालच देकर धनराशि प्राप्त की जाती है तथा उक्त धनराशि के कुछ भाग को बिटकॉइन के माध्यम से नाईजीरिया में बैठे अपने साथियों को भेज दी जाती है तथा धनराशि का कुछ भाग भारतीय खातो में प्राप्त कर उसे एटीएम मशीनों के माध्यम से निकाल कर घटना को अंजाम दिया गया।
