रुद्रपुर: पीएम आवास योजना के तहत ठगी करने वाले सक्रिय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का सपना दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। हैरानी की बात है कि कई लोगों को इस तरह ठगने की कोशिश होने के बाद भी नगर निगम व अन्य सक्षम विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रधानमंत्री आवास योजना …

रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का सपना दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। हैरानी की बात है कि कई लोगों को इस तरह ठगने की कोशिश होने के बाद भी नगर निगम व अन्य सक्षम विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर शहर में फर्जीवाड़े का खेल खेला जा रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पात्रता के तहत आवास दिए जाने का प्राविधान है। शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन स्वीकार किए जाते हैं लेकिन शहर में कुछ बिल्डर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चल रही इस योजना का दुरुपयोग कर जनता से ठगी कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले लोग जनप्रतिनिधियों को भी गुमराह कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्र में सिर्फ शहरी निकाय और ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तर पर ही ऐसे आवेदन स्वीकार किए जाते हैं। इसके बाद त्रिस्तरीय सर्वे द्वारा पात्रों का चयन होता है जबकि यह लोग अपने शिकार को कुछ दिनों में ही मकान दिलवाने का प्रलोभन देकर उनसे फर्जी फार्म भरवाकर दस्तावेज ले लेते हैं।

इसके एवज में फाइल खर्च और एडवांस के नाम पर उसने रुपए ऐंठ लेते हैं। इस बारे में भाईचारा एकता मंच के संस्थापक व समाजसेवी केपी गंगवार ने कहा कि पूर्व में यह गैंग आवास विकास में कार्यालय बनाकर इस फर्जीवाड़े को संचालित कर रहा था। गंगवार ने आरोप लगाया कि इसमें कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कोतवाली में शिकायत की जाएगी। वही इस संबंध में रुद्रपुर नगर निगम के मेयर रामपाल सिंह का कहना है कि फर्जीवाड़े में निगम के नाम का इस्तेमाल करने वालों पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। इस मामले में सीओ अमित कुमार का कहना था कि इस बाबत उन्हें गुप्त सूचनाएं प्राप्त हुई हैं और इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित समाचार