हल्द्वानी: उत्तराखंड के 10 जिलों में सामान्य से कम बारिश
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार मानसूनी सीजन में बारिश सामान्य से कम हो रही है। कुमाऊं के दो और गढ़वाल के एक जिले को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। चार जिलों में कम बारिश के ज्यादा भयावह आंकड़े सामने आए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र …
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार मानसूनी सीजन में बारिश सामान्य से कम हो रही है। कुमाऊं के दो और गढ़वाल के एक जिले को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। चार जिलों में कम बारिश के ज्यादा भयावह आंकड़े सामने आए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मानसूनी सीजन में पूरे राज्य में एक जून से अभी तक औसतन 831.9 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य तौर पर होने वाली बारिश से छह प्रतिशत कम है। उत्तराखंड में इस बार बारिश का मिलाजुला प्रभाव देखने को मिला है। बागेश्वर और चमोली जिले में जहां सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। अगर इन दोनों ही जिलों को हटा दें तब राज्य में औसतन बारिश का आंकड़ा काफी नीचे गिर जाएगा। इन जिलों के अलावा अल्मोड़ा में भी अच्छी बारिश हुई है। चंपावत, पौड़ी, हरिद्वार और उत्तराकाशी जिलों में सामान्य से काफी बारिश हुई है। पौड़ी में तो मानसूनी सीजन में अभी तक साामन्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
अभी बारिश का काफी दौर बचा है
हल्द्वानी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस समय मानसून अच्छी तरह से सक्रिय है और कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। हालांकि मानसून के शुरूआती दौर में मानसून कमजोर था लेकिन बाद में इसने अपनी सक्रियता बढ़ा ली। साथ ही जिन जिलों में सामान्य से 15 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है वहां पर स्थिति ज्यादा बुरी नहीं मानी जाती। इसके अलावा अभी मानसून सीजन का काफी समय बचा है। इधर जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह के अनुसार आम तौर पर मानसून सितंबर माह तक सक्रिय रहता है। ऐसे में करीब एक बारिश का एक माह का समय और बचा है। इसलिए अभी काफी उम्मीद बची है।
एक जून से अभी तक हुई बारिश के आंकड़े
जिले हुई बारिश सामान्य बारिश
अल्मोड़ा 657.4 632.7
बागेश्वर 1468.8 632.7
चमोली 893.3 588.7
चंपावत 734.1 983.3
देहरादून 949.1 1151
पौड़ी 620.6 919.8
टिहरी 629.8 754.1
हरिद्वार 562.3 724.9
नैनीताल 1028.6 1048.3
पिथौरागढ़ 1003.6 1171.1
रुद्रप्रयाग 941 1159
ऊधमसिंह नगर 667 776.8
उत्तरकाशी 716.1 918.7
(बारिश मिमी में, आंकड़े उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार)
