हल्द्वानी: मक्के की फसल में लगा “सरेन” कीड़ा, अधिकारियों ने किया निरिक्षण
हल्द्वानी, अमृत विचार। धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ ब्लॉक के कई गांवों में कीड़ा लगने से मक्के की फसल बर्बाद होने के कगार पर है। किसानों ने इस मामले में कृषि उद्यान विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र का निरीक्षण कर फसल पर लगी बीमारी से छुटकारा दिलाने की मांग की थी। उधर, प्रभारी कृषि अधिकारी चंद्रशेखर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ ब्लॉक के कई गांवों में कीड़ा लगने से मक्के की फसल बर्बाद होने के कगार पर है। किसानों ने इस मामले में कृषि उद्यान विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र का निरीक्षण कर फसल पर लगी बीमारी से छुटकारा दिलाने की मांग की थी। उधर, प्रभारी कृषि अधिकारी चंद्रशेखर जोशी ने निरीक्षण कर ग्रामीणों को फसल पर लगी बीमारी के बारे में और उसके उपचार के बारे में बताया।
मंगलवार को निरीक्षण पर पहुंचे कृषि उद्यान विभाग के अधिकारियों ने विकासखंड धारी के पोखराड, सरना, कौल गांव में मक्के की फसल देखी। प्रभारी कृषि अधिकारी चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि मक्के की पौध में जो कीट लगा है उसे सरेन नाम से जाना जाता है। यह कीट मक्के की पौध की पत्तियों, बाली और डंठल को चूस कर खा जाता है।
इसकी रोकथाम के लिए नीम ऑयल, नुवान, डेसिस का छिड़काव करना चाहिए, वहीं यदि समस्या बहुत ज्यादा हो तो इमो मेटिंग एंजाइट नामक कीटनाशक का स्प्रे करें। इससे पौधे पर लगे कीटों से छुटकारा मिल जाएगा। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रदीप बिष्ट ने कृषि विभाग के अधिकारियों को दवाएं उपलब्ध करवाने की मांग की साथ ही अन्य ग्राम सभाओं में भी किसानों को जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, किशन सिंह, प्रेम सिंह, मोहन सिंह ,गोपाल सिंह, कुंदन सिंह सहित तमाम किसान और अधिकारी मौजूद रहे।
