मुरादाबाद: धूप हो या बारिश, होमगार्ड निभा रहे ट्रैफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी
मुरादाबाद,अमृत विचार। यातायात नियंत्रण के लिए यूं तो जनपद में अलग से विभाग बना हुआ है। यातायात विभाग ने अपने कर्मचारियों को ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लगाया है। मगर सच्चाई इससे एकदम अलग है। जनपद की ट्रैफिक व्यवस्था 199 होमगार्डों और पीआरडी के 50 जवानों के कंधों पर ही चल रही है। यातायात विभाग के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। यातायात नियंत्रण के लिए यूं तो जनपद में अलग से विभाग बना हुआ है। यातायात विभाग ने अपने कर्मचारियों को ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लगाया है। मगर सच्चाई इससे एकदम अलग है। जनपद की ट्रैफिक व्यवस्था 199 होमगार्डों और पीआरडी के 50 जवानों के कंधों पर ही चल रही है। यातायात विभाग के अधिकांश कर्मचारी मोबाइल पर ही चिपके रहते हैं। धूप हो या बारिश ट्रैफिक कंट्रोल की जिम्मेदारी होमगार्ड और पीआरडी के जवान ही संभालते हैं।

जिले की यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के 102 जवान लगाए गए हैं। इसके बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई रहती है। जनता को रोजाना जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ता है। तेज धूप होते ही ट्रैफिक पुलिस के सिपाही छांव खोजने लगते हैं। वह छांव में खड़े होकर मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त हो जाते हैं। इस दौरान केवल होमगार्ड ही ड्यूटी को अंजाम देते हुए ट्रैफिक का संचालन करते हैं।

ऐसा नजारा करीब रोजाना ही देखा जा सकता है। शनिवार को दोपहर तीन बजे नगर के व्यस्तम चौराहा पीलीकोठी पर ऐसा ही नजारा दिखाई दिया। दोपहर करीब 12 बजे इस चौराहे पर टीएसआई अशोक कुमार ड्यूटी पर थे। जब तक वह रहे तब तो सब कुछ ठीक रहा। ट्रैफिक पुलिस का सिपाही भी उनके साथ यातायात संचालन करता दिखाई दिया। मगर उनके जाने के बाद यातयात पुलिस का आरक्षी अपने ढर्रे पर आ गया। होमगार्डों को ट्रैफिक कंट्रोल में लगाकर खुद मोबाइल देखने में व्यस्त हो गया।
शहर के सभी प्वाइंटों पर मिलते हैं ऐसे नजारे
शनिवार को पीलीकोठी चौराहे पर मोबाइल में व्यस्त रहने वाला आरक्षी अकेला नहीं है। इसी तरह के नजारे हनुमान मूर्ति, पीतल नगर डिपो, लवीना रेस्टोरेंट के सामने, रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, पारकर मोड़, फव्वारा, पीलीकोठी चौराहा, चौधरी चरण सिंह चौक, कांठ रोड पर अक्सर देखने को मिलते रहते हैं। जरा सी धूप होते ही यातायात कर्मी छांव की तलाश करने लगते हैं। कहीं-कहीं तो वह कुर्सियों पर आराम फरमाते भी दिखाई देते हैं।
ट्रैफिक कंट्रोल के लिए लगाए गए कर्मी
टीआई 02
टीएसआई 12
हैडकांस्टेबल 31
कांस्टेबल 57
होमगार्ड 199
पीआरडी 50
