बदायूं: राजीव कुमार गुप्ता को बनाया गया भाजपा का नया जिलाध्यक्ष
बदायूं, अमृत विचार। दातागंज चेयरमैन रहे संघ की पृष्ठभूमि के राजीव कुमार गुप्ता को सोमवार देर रात भाजपा का नया जिलाध्यक्ष बना दिया गया। इस पद पर करीब पौने दो साल से उनके संबंधी अशोक भारती काबिज थे। भारती को लेकर कई बार आरोप प्रत्यारोप की राजनीति रही पर चुनाव से ऐन पहले उन्हें हटाकर …
बदायूं, अमृत विचार। दातागंज चेयरमैन रहे संघ की पृष्ठभूमि के राजीव कुमार गुप्ता को सोमवार देर रात भाजपा का नया जिलाध्यक्ष बना दिया गया। इस पद पर करीब पौने दो साल से उनके संबंधी अशोक भारती काबिज थे। भारती को लेकर कई बार आरोप प्रत्यारोप की राजनीति रही पर चुनाव से ऐन पहले उन्हें हटाकर राजीव गुप्ता को लाने की वजह पार्टी संगठन को ईमानदार और जुझारू छवि का नेतृत्व देना माना जा रहा है।
अशोक भारती को नवंबर 2019 में भाजपा की बदायूं इकाई का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। उनसे पहले हरीश शाक्य इस पद पर थे। अशोक भारती के रहते जिले में भाजपा ने कई उप लब्धियां हासिल कीं। इस बीच कई बार उनके करीबियों पर दबंगई और भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो भारती पर भी अंगुलियां उठीं। हालांकि हाल फिलहाल कोई ऐसी वजह नहीं थी जो भारती को हटाने का निर्णय रातोंरात लिया गया। भारती की जगह नए चेहरे के रूप में जिन राजीव गुप्ता को लाया गया है वह भारती के सगे संबंधी हैं। भारती की बेटी सेनरा वैश्य उसहैत नगर पंचायत की चेयरमैन हैं जो राजीव के साले पूर्व चेयरमैन गौरव गुप्ता गोल्डी की पत्नी हैं।
राजीव मूल रूप से दातागंज के रहने वाले हैं। उनका परिवार संघ की पृष्ठभूमि से जुड़ा है। खुद राजीव छात्र जीवन से संघ के कार्यकर्ता हैं और संघ से लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक संगठन में उनकी मजबूत पकड़ है। वह वर्ष 2006 से 2017 तक दातागंज नगर पंचायत के चेयरमैन रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छोटी सी नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिलाने और मॉडल के रूप में पेश करने का काम किया। दातागंज नगर में कूड़ा प्रबंधन और रात में पालिका के जेनरेटर से पथ प्रकाश की व्यवस्था बरेली मंडल में नया प्रयोग था जो उनकी उपलब्धि रही। उनकी छवि भी काफी साफ सुधरी है जिसका फायदा चुनाव में भाजपा को मिल सकता है।
