हल्द्वानी: चालक नियुक्ति के इंतजार में धूल फांक रहे 37 कूड़ा वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनीष तिवारी, अमृत विचार, हल्द्वानी। नगर निगम बनने के बाद शहर का विस्तार तो हो गया पर नए 27 वार्ड निगम की व्यवस्थाओं वंचित हैं। नियमित कूड़ा उठाने के लिए वाहन भी आ गए हैं, पर वे भी चालकों की नियुक्ति के इंतजार में 15 दिन से धूल फांक रहे हैं। 5.50 करोड़ की लागत …

मनीष तिवारी, अमृत विचार, हल्द्वानी। नगर निगम बनने के बाद शहर का विस्तार तो हो गया पर नए 27 वार्ड निगम की व्यवस्थाओं वंचित हैं। नियमित कूड़ा उठाने के लिए वाहन भी आ गए हैं, पर वे भी चालकों की नियुक्ति के इंतजार में 15 दिन से धूल फांक रहे हैं। 5.50 करोड़ की लागत से खरीदे गए इन वाहनों के साथ चलने वाले कर्मचारियों का खर्चा तक उठाने में निगम सक्षम नहीं है। फिलहाल निगम के अधिकारी बोर्ड की बैठक का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद नियुक्ति को लेकर फरमान जारी किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

करीब तीन लाख की आबादी के साथ नगर निगम क्षेत्र में 60 वार्ड हैं। इनमें 27 वार्ड नए हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों से शामिल किए गए हैं। इन वार्डों में सफाई व्यवस्था का काम अभी पंचायत विभाग के पास ही है, जोकि नाकाफी साबित होता है। जगह-जगह कचरे के ढेर और घरों से कूड़ा लेने के लिए नगर निगम के पास न ही कर्मचारी हैं और न ही वाहन हैं। इन वार्डों की सफाई की व्यवस्था को ठीक करने के लिए निगम ने जो 37 वाहन खरीदे भी हैं, वे निगम में ही ठहरे हुए हैं। इन वाहनों के लिए निगम ने नेशनल सफाई कर्मचारी फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएसकेएफडीसी) से लोन लिया था। ये वाहन कब निगम गेट से बाहर निकलकर इन वार्डों में जाएंगे, इसकी कोई भी तैयारी निगम के पास नहीं दिख रही है। निगम को इन वाहनों के लिए चालक-परिचालक व अन्य स्टाफ की जरूरत पड़ेगी।

सालाना दो करोड़ रुपए का बढ़ेगा खर्च
वाहनों को चलाने और उनके रखरखाव से लेकर निगम के पास सालाना दो करोड़ रुपये तक का खर्च बढ़ जाएगा। चालक व परिचालक के अलावा सुपरवाइजर वेतन, वाहन डीजल व्यय, बीमा, रखरखाव आदि के लिए दो करोड़ रुपए का बजट तैयार करना होगा। पहले से आय कम होने की दिक्कतों से जूझ रहे निगम के लिए इस व्यवस्था को लागू करना चुनौती भरा हो सकता है।

अलग रखा जाएगा परिसंकटमय कूड़ा
-इन कूड़ा वाहनों में सूखा व गीला कचरा तो लिया ही जाएगा, साथ ही परिसंकटमय कचरे के लिए भी अलग से व्यवस्था रहेगी। घरेलू कचरे के लिए वाहन में जो डस्टबिन रहेगी, उसी में एक छोटी डस्टबिन इस तरह के कूड़े के लिए जुड़ी रहेगी। इस प्रकार के कचरे में कांच, सीएफएल, एलईडी, टॉर्च, सेल, ब्लेड सहित ऐसा कचरा जिसे उठाने में चोटिल होने की आशंका रहती हो, शामिल हैं।

-शहर के 27 नए वार्डों से कचरा उठाने के लिए 37 वाहन आ चुके हैं। अभी इनके लिए चालक सहित स्टाफ की नियुक्ति नहीं हुई है। बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला हो सकता है। नियुक्ति होते ही इन वाहनों का काम शुरू हो जाएगा। निगम में परिसंकटमय कूड़ा उठाने के लिए भी अलग से डस्टबिन शामिल रहेगी।
गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त

संबंधित समाचार