रायबरेली: भारत और अमेरिका के बच्चों के बीच आयोजित हुई ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय काव्य पाठ प्रतियोगिता
रायबरेली। जिले में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति को लेकर पहली बार भारत और अमेरिका के बच्चों की काव्य पाठ और कहूट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में भारत के रजत द्विवेदी और अमेरिका के ओजस एवं शुभम सजवाल विजेता रहे। विजेता प्रतिभागियों को समिति की ओर से हिंदी दिवस पर …
रायबरेली। जिले में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति को लेकर पहली बार भारत और अमेरिका के बच्चों की काव्य पाठ और कहूट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में भारत के रजत द्विवेदी और अमेरिका के ओजस एवं शुभम सजवाल विजेता रहे। विजेता प्रतिभागियों को समिति की ओर से हिंदी दिवस पर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में उपस्थित प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित अमेरिका की वरिष्ठ साहित्यकार नीलू गुप्ता ने 51 डॉलर का प्रथम पुरस्कार और अन्य विजेताओं के लिए 11 डॉलर का नगद पुरस्कार घोषित किया है। बुजुर्ग साहित्यकार शकुंतला बहादुर ने भी 21 डॉलर अमेरिकी विजेताओं को और 101 रुपए भारतीय विजेताओं को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बता दें कि आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी राष्ट्रीय स्मारक समिति की भारत और अमेरिका इकाई के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कविता पाठ प्रतियोगिता में भारत और अमेरिका के करीब 5 दर्जन बच्चों ने भाग लिया। वहीं, दो अलग-अलग वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। अमेरिका के प्रतिभागी ओजस ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता सुनाकर तालियां बटोरी।
प्रतियोगिता के निर्णायक सरस्वती मासिक पत्रिका के प्रधान संपादक प्रोफेसर देवेंद्र शुक्ला और अमेरिका की न्यू जर्सी में रह रही वरिष्ठ साहित्यकार शशि पाधा थी। भारत के प्रथम वर्ग में अचिंत्य शाही प्रथम और लखनऊ के गुदड़ी के लाल अभिषेक वाल्मीकि द्वितीय और लखनऊ के ही आर्यन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। द्वितीय वर्ग में उन्नाव के रजत द्विवेदी ने पहला स्थान प्राप्त किया। रायबरेली की कात्यायनी त्रिवेदी दूसरे और पटना की यातुषी इंदुरत्न तीसरे स्थान पर रहीं।
इसके अलावा अमेरिका के प्रथम वर्ग में ओजस श्रीवास्तव विजेता घोषित किए गए। ओजस ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता ओजस्वी वाणी में प्रस्तुत कर सभी का दिल जीता। इसके बाद भारत इकाई के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन करते हुए अमेरिका में रह रहे हिंदी की शिक्षिका रचना श्रीवास्तव ने आचार्य द्विवेदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। प्रवासी भारतीय एवं हिंदी शिक्षिका शुभ्रा ओझा ने बच्चों की प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया। इस मौके पर शेफाली सुरभि, वसुंधरा पांडे आदि उपस्थित रहे।
