हल्द्वानी: केजरीवाल के रोड शो में सड़क पर उमड़ी भीड़, कोरोना गाइडलाइन तार तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड स्थित एक बरात घर में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेस खत्म होने के बाद दोपहर करीब दो बजे से मंगल पड़ाव से तिरंगा संकल्प यात्रा शुरू हो गई। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ इस कदर जमा हुई कि …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड स्थित एक बरात घर में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेस खत्म होने के बाद दोपहर करीब दो बजे से मंगल पड़ाव से तिरंगा संकल्प यात्रा शुरू हो गई।
इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ इस कदर जमा हुई कि कोरोना गाइडलाइन के सारे नियम तार तार हो गए। सैकड़ों की संख्या में लोग बगैर मास्क के नजर आए। कई लोगों ने मास्क को ठोड़ी में लगाया था। ऐसा लगा मानो कोरोना कहीं है ही नहीं। इस दौरान अरविंद केजरीवाल, पार्टी से सीएम का चेहरा घोषित रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस को जाम का संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर रामलीला मैदान पहुंचे। इस दौरान जो सत्ता भ्रष्टाचार की है वो सत्ता बदलनी चाहिए बज रहा था।

आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों को लेकर रविवार को हल्द्वानी पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस खत्म करने के बाद तिरंगा संकल्प यात्रा में शामिल हुए। वाहन पर सवार होकर उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। तिरंगा यात्रा का ट्वीटर और फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया गया। इससे पहले केजरीवाल दो बार उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून आ चुके हैं।
