हल्द्वानी: केमू की बस में बैठी महिला का मंगलसूत्र छिनकर भागने वाला आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। करीब 20 दिन पहले बस में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने वाले लुटेरे को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। हालांकि मंगलसूत्र को आरोपी लुटेरे ने कुचल डाला है। बरामद किए गए मंगलसूत्र की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। करीब 20 दिन पहले बस में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने वाले लुटेरे को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। हालांकि मंगलसूत्र को आरोपी लुटेरे ने कुचल डाला है। बरामद किए गए मंगलसूत्र की कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने बताया कि बेतालघाट नैनीताल निवासी मुन्नी देवी पत्नी चतुर सिंह बीती 2 सितंबर को केमू बस से कहीं जा रही थीं। गंतव्य को रवाना होने के लिए वह रोडवेज बस अड्डे के पास केमू की बस में बैठी थीं। तभी एक युवक ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गया।
इस मामले में मुन्नी देवी ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद मामले की जांच एसआई रविंद्र राणा को सौंपी गई। मामले में लुटेरे तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी ने अहम रोल अदा किया। पुलिस ने तमाम सीसीटीवी खंगाले और लुटेरे तक जा पहुंची। बीते रोज पुलिस ने आरोपी को अब्दुल्ला बिल्डिंग के पास बरेली रोड से धर दबोचा।
आरोपी ने अपना नाम अजय गिरी उर्फ प्रिंस निवासी खजवा नगीना बिजनौर उत्तर प्रदेश बताया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्त में आया आरोपी यहां ट्रांसपोर्ट नगर में आकर रुकता था और फिर वापस चला जाता था। टीम में एसआई रविन्द्र राणा, का.इसरार नवी, धनश्याम रौतेला व भगवान सैलाल थे।
