बेलबाबा चुंगी पर दबंगई, काठगोदाम के बस चालक को पीटा
हल्द्वानी,अमृत विचार। बस चालक से जबरन चुंगी वसूली पर मामला बिगड़ गया। चालक द्वारा चुंगी न देने पर वहां तैनात कर्मचारियों ने बस चालक को बुरी तरह पीट डाला। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। काठगोदाम निवासी शिवम पुत्र रामचंद्र सिटी हार्ट ट्रांसपोर्ट की …
हल्द्वानी,अमृत विचार। बस चालक से जबरन चुंगी वसूली पर मामला बिगड़ गया। चालक द्वारा चुंगी न देने पर वहां तैनात कर्मचारियों ने बस चालक को बुरी तरह पीट डाला। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
काठगोदाम निवासी शिवम पुत्र रामचंद्र सिटी हार्ट ट्रांसपोर्ट की बस चलाता है। बस सिडकुल की एक कंपनी से अटैच है।
बताया जाता है कि बीती 19 सितंबर को बस चालक बस लेकर रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहा था। वह बेलबाबा पहुंचा था कि तभी वहां चुंगी पर मौजूद कर्मचारियों ने टॉर्च की लाइट दिखा कर उसे रोक लिया। चुंगी कर्मचारी चुंगी पार करने के एवज में चुंगी चार्ज की मांग करने लगे। जब बस चालक ने इसे अवैध वसूली बताया तो चालक और कर्मचारियों के बीच गर्मागर्मी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कर्मचारी बस में चढ़ गए और चालक शिवम को बुरी तरह पीट डाला। साथ ही जान की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
