हल्द्वानी: मीडिया सेंटर का ताला तोड़ा, बगल के घर से टोंटियां खोल गए चोर, सोती रही पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में पुलिस की निष्क्रियता की चलते चोरों और अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात चोरों ने शहर के व्यस्ततम चौराहे तिकोनिया से कुछ ही दूरी पर स्थित शंकर भवन में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसी भवन में सूचना विभाग का मीडिया सेंटर भी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में पुलिस की निष्क्रियता की चलते चोरों और अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात चोरों ने शहर के व्यस्ततम चौराहे तिकोनिया से कुछ ही दूरी पर स्थित शंकर भवन में चोरी की घटना को अंजाम दिया।

इसी भवन में सूचना विभाग का मीडिया सेंटर भी है। चोरों ने मीडिया सेंटर के बाथरुम का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। गनीमत रही कि बाथरुम का दरवाजा अंदर से बंद था। इधर, आए दिन हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शनिवार सुबह मीडिया सेंटर के कर्मचारियों के दफ्तर पहुंचने पर चोरी की घटना का पता लगा। सूचना पर भोटिया पड़ाव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। जानकारी के मुताबिक, शंकर भवन की मालकिन रमा जोशी (85) लंबे समय से दिल्ली में रह रही हैं। यहां घर में ताला लगा है।

शुक्रवार रात चोर घर के ताले तोड़कर गैस के बर्नर और टोंटियां चोरी कर ले गए। पास में ही स्थित संतुष्टि इन होटल भी करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा है। इस वजह से यहां आवाजाही कम रहती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना को नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों ने अंजाम दिया है। वहीं, इस घटना ने एक बार पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वह भी तब जबकि एसएसपी से लेकर डीआईजी तक की मौजूदगी शहर में रहती है।
