हल्द्वानी: बच्ची से छेड़छाड़, आरोपी को भीड़ ने धुना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। घर के पड़ोस में आयोजित समारोह से लौट रही बच्ची पर एक 56 साल के व्यक्ति की नीयत खराब हो गई। उसने बच्ची को रोक लिया और उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह बच्ची को कमरे में ले जाने की कोशिश करने लगा, तभी बच्ची रोने और चीखने लगी। जिस पर भीड़ …

हल्द्वानी, अमृत विचार। घर के पड़ोस में आयोजित समारोह से लौट रही बच्ची पर एक 56 साल के व्यक्ति की नीयत खराब हो गई। उसने बच्ची को रोक लिया और उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह बच्ची को कमरे में ले जाने की कोशिश करने लगा, तभी बच्ची रोने और चीखने लगी।

जिस पर भीड़ ने आरोपी को धर दबोचा और पीटने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के साथ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बताया जाता है कि बीती रात बरेली रोड निवासी 10 वर्षीय बच्ची के पड़ोस में एक समारोह आयोजित किया गया था। रात पड़ोस में आयोजित समारोह में बच्ची भी गई थी। बताते हैं कि रात खाना खाने के बाद बच्ची अपने घर की ओर वापस लौट रही थी कि तभी बच्ची के पड़ोसी 56 साल के कन्हैया लाल उर्फ पप्पू सिंधी ने बच्ची को रोक लिया और उससे छेड़छाड़ करने लगा।

बच्ची तब रोने और चीखने लगी, जब आरोपी जबरन बच्ची को अपने कमरे में ले जाने की कोशिश करने लगा। बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बच्ची को रोता देख तो लोगों ने कारण पूछा। जिस पर बच्ची ने बताया कि उसके साथ क्या हुआ।

यह देख आरोपी सकपका गया और वह लोगों को बरगलाने की कोशिश करने लगा, लेकिन बच्ची की बात सुनकर लोग आग-बबूला हो गए और भीड़ ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच किसी ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मंगलवार को बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

संबंधित समाचार