बरेली: 20 लाख की बिजली चोरी में वसूली के लिए अब तक नहीं भेजा नोटिस
बरेली, अमृत विचार। मीरगंज की मिनी राइस मिल में पकड़ी गई बिजली चोरी के मामले में विभाग की हीलाहवाली जारी है। वसूली के लिए अभी तक विभाग की तरफ से राइस मिल मालिक को कोई भी नोटिस जारी नहीं किया गया है। अधिकारी अभी तक यह पता नहीं लगा सके कि राइस मिल में कितने …
बरेली, अमृत विचार। मीरगंज की मिनी राइस मिल में पकड़ी गई बिजली चोरी के मामले में विभाग की हीलाहवाली जारी है। वसूली के लिए अभी तक विभाग की तरफ से राइस मिल मालिक को कोई भी नोटिस जारी नहीं किया गया है। अधिकारी अभी तक यह पता नहीं लगा सके कि राइस मिल में कितने लाख की बिजली चोरी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मीरगंज क्षेत्र के गांव सैंजना में जहीर अहमद पुत्र शेर मोहम्मद की मिनी राइस मिल में सहायक अभियंता मीटर महेंद्र कुमार ने शक के आधार पर अपनी टीम के साथ छापा मारा था। टीम ने गेट पर लगे मीटर और बिजली उपकरणों की जांच की थी। शुरुआती जांच में पता चला था कि राइस मिल में बिजली की खपत काफी कम है। उसके बाद मीटर सिस्टम के साथ कुछ उपकरणों को भी खुलवाकर जांच कराई।
मीटर में अलग से लगाई गई डिवाइस और रिमोट जैसे उपकरण पकड़ में आए थे। करीब बीस लाख रुपये से अधिक की बिजली चोरी की बात सामने आई थी। उसके बाद पूरे मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए गए थे लेकिन अभी तक अधिकारी जांच रिपोर्ट आने की बात कह रहे है।
हैरत की बात यह है कि राइस मिल मालिक से वसूली के लिए अभी तक एक भी नोटिस जारी नहीं किया गया है। अधिशासी अभियंता पंकज कुमार भारतीय ने बताया की जांच रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा कि सही चोरी कितने रुपये की थी। उसके बाद ही वसूली के लिए राइस मिल मालिक को नोटिस भेजा जाएगा।
