काठगोदाम डिपो में बिजली कटने से 71 बसें खड़ी
हल्द्वानी, अमृत विचार। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने काठगोदाम डिपो की बिजली काट दी। इससे 71 बसों का संचालन प्रभावित हो गया। बसों का संचालन बंद होने से कई रूटों पर बसों को नहीं भेजा गया। जिससे यात्री परेशान रहे और निगम को भी हजारों रुपए का घाटा हो गया। रोडवेज के अधिकारियों ने बताया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने काठगोदाम डिपो की बिजली काट दी। इससे 71 बसों का संचालन प्रभावित हो गया। बसों का संचालन बंद होने से कई रूटों पर बसों को नहीं भेजा गया। जिससे यात्री परेशान रहे और निगम को भी हजारों रुपए का घाटा हो गया। रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मोहल्ले में करंट दौड़ने की बात कहते हुए बिजली काट दी थी। इसके बाद से ही यह समस्या पैदा हुई।
गुरुवार शाम छह बजे अचानक बिजली विभाग के तीन कर्मचारी काठगोदाम डिपो में आए और बिजली का कनेक्शन बंद कर दिया। कर्मचारियों ने बताया कि पास के ही मोहल्ले में करंट दौड़ रहा है। अगर बिजली को बंद नहीं किया गया तो लोगों की जान को खतरा हो सकता है। बिजली कटने के बाद डिपो से निकलने वाली रात की बसों में डीजल नहीं भरा जा सका और बसें काठगोदाम डिपो में ही खड़ी रह गईं।
काठगोदाम डिपो की स्टेशन इंचार्ज विमला रौतेला ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि डिपो की बिजली कनेक्शन की वजह से आसपास के मोहल्ले में करंट दौड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह डिपो का कनेक्शन है तो इससे मोहल्ले में करंट कैसे दौड़ सकता है। तब इस पर बिजली विभाग के कर्मचारी कोई संतुष्ट जबाव नहीं दे पाए। इधर डीजल नहीं भरे जाने की वजह से काठगोदाम डिपो से 71 बसों का संचालन ठप हो गया।
डीजल नहीं भरने से रात और सुबह निकलने वाली बसों का संचालन प्रभावित हो गया। इनमें दिल्ली और देहरादून रूट की बसें भी शामिल हैं। इधर रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि वह लगातार बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर रहे हैं और उनसे बिजली आपूर्ति को सुचारू करने की बात कह रहे हैं जिससे बसों का संचालन शुरू किया जा सके।
