जल जीवन मिशन से पहुंचेगा पहाड़ के वंचित स्कूलों में पानी
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले के पेयजल से वंचित स्कूलों में अब पानी आएगा। इन स्कूलों में जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन पहुंचाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को पेयजल कनेक्शन से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है। नैनीताल जिले में 1332 सरकारी स्कूल हैं। इनमें से 1173 में ही पेयजल कनेक्शन है, जबकि 159 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले के पेयजल से वंचित स्कूलों में अब पानी आएगा। इन स्कूलों में जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन पहुंचाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को पेयजल कनेक्शन से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है।
नैनीताल जिले में 1332 सरकारी स्कूल हैं।
इनमें से 1173 में ही पेयजल कनेक्शन है, जबकि 159 स्कूल आज भी पेयजल से वंचित हैं। इन स्कूलों के विद्यार्थियों को पीने के लिए घर या फिर दूर-दराज से पानी ढोना पड़ता है। पेयजल कनेक्शन से वंचित अधिकांश स्कूल पर्वतीय क्षेत्रों में हैं। इससे विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित होता है।
स्कूल में पानी न मिलने से विद्यार्थियों में डिहाईड्रेशन की आशंका भी बनी रहती है। अभिभावक संघ स्कूलों में पेयजल कनेक्शन लगाने की मांग करते रहे हैं। अब लंबे इंतजार के बाद विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। पेयजल से वंचित स्कूलों को जल जीवन मिशन से जोड़ने की योजना बनाई गई है। शिक्षा विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को भेजा है।
पीने के लिए पानी नहीं, हाथ कैसे धुलेंगे
हल्द्वानी। जिले में 159 सरकारी स्कूलों में पेयजल कनेक्शन न होने से पानी का अभाव है। कोरोनाकाल में स्कूल भी खुल गए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए खतरा भी बढ़ गया है। जब पीने के लिए ही पानी नहीं है तो विद्यार्थी हाथ कैसे धोएंगे।
जल जीवन मिशन के तहत वंचित स्कूलों को पानी का कनेक्शन देने का प्रस्ताव तैयार कर विकास भवन को भेजा है। जल्द ही स्कूलों में पेयजल कनेक्शन लग जाएंगे।- केके गुप्ता, मुख्य शिक्षा अधिकारी
