सितारगंज: युवक को सिपाही ने बेरहमी से पीटा, निलंबित
सितारगंज, अमृत विचार। युवक को बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस के आला अफसरों ने त्वरित कार्रवाई की है। एसएसपी के आदेश पर एसपी सिटी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और युवक पर भी शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसका चालान काट दिया। एसपी सिटी ने …
सितारगंज, अमृत विचार। युवक को बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस के आला अफसरों ने त्वरित कार्रवाई की है। एसएसपी के आदेश पर एसपी सिटी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और युवक पर भी शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसका चालान काट दिया। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई होगी।
सोमवार देर शाम को बिज्टी चौराहे पर कार मैकेनिक वार्ड तीन निवासी फिरासत हुसैन व सिपाही बात कर रहे थे। इसी बीच बिज्टी रोड निवासी दुकानदार पदम नाथ गोस्वामी के बेटे विनोद नाथ गोस्वामी ने फिरासत पर पेचकस से वार कर दिया। सिपाही विजय कुमार ने पेचकस मारने के आरोपी विनोद नाथ को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर मामले ने तूल पकड़ लिया।
पुलिस घायल युवक को कोतवाली ले आई। जहां नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा काटा। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो एसपी सिटी ममता वोहरा ने एसएसपी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पिटाई करने के आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। एसपी सिटी वोहरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच होने तक सिपाही निलंबित रहेगा। इधर, कोतवाली में हंगामा करने पर आरोपी विनोद को कस्बा प्रभारी ने शांतिभंग की धारा १५१ सीआरपीसी के तहत एसडीएम कोर्ट में पेश किया।
