काशीपुर: अब मंडी में ही धान की ट्रॉली खाली करेंगे किसान
काशीपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कच्चा आढ़तियों की मनमानी को देखते हुए राइस मिलर्स, मंडी सचिव के साथ बैठक की। इस दौरान किसानों ने कहा कि किसान अपना धान मंडी में लाएगा और यहां ही ट्रॉली खाली करेगा। क्योंकि मंडी से धान तुलवा कर मिलर्स के पास ले जाने पर वह …
काशीपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कच्चा आढ़तियों की मनमानी को देखते हुए राइस मिलर्स, मंडी सचिव के साथ बैठक की। इस दौरान किसानों ने कहा कि किसान अपना धान मंडी में लाएगा और यहां ही ट्रॉली खाली करेगा। क्योंकि मंडी से धान तुलवा कर मिलर्स के पास ले जाने पर वह लोग मनमर्जी से कटौती कर किसानों का आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।
शनिवार को नवीन अनाज मंडी में मंडी सचिव वर्षा गुप्ता व एसएमआई दिनेश आर्य की मौजूदगी में भाकियू पदाधिकारियों व राइस मिलर्स एसोसिएशन पदाधिकारियों की बीच धान खरीद को लेकर बैठक हुई। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि राइस मिलर्स सीएमआर के मार्फत तौले गए धान ट्राली को पहले नहीं लेते हैं और जो सीधे किसान उनके पास धान लेकर जाते हैं उनका धान तोला जाता है। वहीं जो किसान सीएमआर के मार्फत धान ट्राली लेकर जाता है तो उसके धान में माइश्चर के अलावा तमाम कमियां बताते हुए धान में 10 से 12 किलो तक की कटौती की जाती है और सरकारी मानक के मुताबिक कटौती नहीं की जा रही है। इससे किसान को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने कहा कि सरकार ने किसानों की धान खरीद करने को जो कच्चे आढ़तियों को नियुक्त किया है। वह लोग मंडी में खरीद नहीं कर सीधे राइस मिलर्स के यहां खरीद करते हैं। वहीं आरोप लगाया जब राइस मिलर्स के यहां किसान सीएमआर के द्वारा धान ट्राली लेकर जाता है तब उसे घंटों तक गेट पर खड़ा रखा जाता है। इससे किसान परेशान होते हैं। किसानों ने कहा कि किसान अपना धान मंडी लेकर आएगा और यहां सीएमआर के द्वारा सरकार से नियुक्त कच्चा आढ़ती के यहां अपनी ट्राली खाली करेगा वह राइस मिल पर लेकर नहीं जाएगा।
किसानों ने मंडी सचिव से कहा कि वह सरकार द्वारा नियुक्त कच्चे आढ़तियों से अपने यहां बैनर लगवाने को कहे, ताकि किसानों को कच्चे आढ़तियों की जानकारी रहे। किसानों ने चेतावनी दी यदि यह व्यवस्था लागू नहीं की गई तो किसान आंदोलन को बाध्य होगा। वहां पर भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू, राजेंद्र सिंह, मनप्रीत सिंह, अरुण कुमार शर्मा, टीका सिंह सैनी, बलविंदर सिंह, प्रताप विर्क, दर्शन सिंह देओल के अलावा राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सचिन गोयल व नगर अध्यक्ष हिमांशु अरोरा आदि मौजूद थे।
