नैनीताल: धान की फसल हुई बर्बाद, टमाटर को भी नुकसान, मायूस हुए किसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में धान की फसल करने वाले किसान पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। 39 घंटे तक पड़ी लगातार बारिश ने किसानों की धान की फसल को पूरी तरह चौपट कर दिया है। वहीं बारिश ने टमाटर की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। जिले में इस समय धान एवं …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में धान की फसल करने वाले किसान पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। 39 घंटे तक पड़ी लगातार बारिश ने किसानों की धान की फसल को पूरी तरह चौपट कर दिया है। वहीं बारिश ने टमाटर की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।

गौलापार के बसंतपुर गांव में बारिश से खराब हुई धान की फसल को उठाते किसान।

जिले में इस समय धान एवं टमाटर की फसल होती है। वर्तमान में धान की फसल की कटाई चल रही है। किसानों ने धान की फसल को काटकर अपने-अपने खेतों में डाल रखा था। अभी फसलों को उठाने का कार्य शुरू नहीं हुआ था। इसी बीच रविवार की शाम को हुई बारिश ने किसानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। किसानों की धान की फसल पूरी तरह से चौपट हो गई है। वहीं टमाटर की फसल में भी भारी नुकसान है।

ग्राम पंचायत सुंदरपुर रैक्वाल में धान के खेतों में पानी भरा हुआ है और फसल उसमें डूब चुकी है। किसान नीरज रैक्वाल ने बताया कि उनके यहां किसानों की हालत खराब है। पूरे गांव में ऐसा एक भी किसान नहीं है, जिसकी फसल खेत से घर पहुंच गई हो। सभी की फसल खेतों में थी और रविवार से पड़ रही बारिश ने उन्हें बर्बाद कर दिया। इसी तरह बसंतपुर निवासी प्रतीक बिष्ट ने बताया कि धान के किसान तो बर्बाद हुए हैं। साथ ही टमाटर की खेती करने वाले किसानों को भी बारिश के चलते भारी नुकसान हुआ है।

प्रथमदृष्टया 10 से 15 प्रतिशत नुकसान है। यदि बारिश और हुई तो यह नुकसान बढ़ जाएगा। जिले में करीब 250 हेक्टेयर में धान की फसल का नुकसान बताया जा रहा है। इसके साथ ही टमाटर की खेती में भी नुकसान है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आकलन पूरा होने के बाद राहत कार्य किया जाएगा। विकास यादव, मुख्य कृषि अधिकारी, नैनीताल

संबंधित समाचार