70 फीसद कट-ऑफ पर भड़के छात्र, प्राचार्य का घेराव, दो घंटे तक कॉलेज में की नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य का लगभग दो घंटे तक उनके कार्यालय में घेराव किया। कॉलेज में कम हुई सीट, पार्किंग एवं सामान्य वर्ग की 70 प्रतिशत कट-ऑफ लिस्ट को लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश है। घेराव के दौरान विद्यार्थियों ने कट-ऑफ लिस्ट को कम करने की भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य का लगभग दो घंटे तक उनके कार्यालय में घेराव किया। कॉलेज में कम हुई सीट, पार्किंग एवं सामान्य वर्ग की 70 प्रतिशत कट-ऑफ लिस्ट को लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश है। घेराव के दौरान विद्यार्थियों ने कट-ऑफ लिस्ट को कम करने की भी मांग की।

छात्र नेताओं प्राचार्य बीडी पंत के कक्ष में पहुंचे। छात्र नेताओं ने सबसे पहले तीसरी मेरिट लिस्ट की कट-ऑफ को कम करने की मांग की। उनका कहना था कि जब मेरिट लिस्ट में सामान्य विद्यार्थियों की कट-ऑफ 70 प्रतिशत आई है तो 60 से 65 प्रतिशत वाले विद्यार्थियों का क्या होगा। उनका कॉलेज में प्रवेश कैसे होगा। छात्र नेताओं के इस सवाल का प्राचार्य बीआर पंत के पास कोई जबाव नहीं था।

काफी देर तक विद्यार्थियों ने प्राचार्य कक्ष में नारेबाजी की लेकिन प्राचार्य अपनी सीट पर चुपचाप बैठे रहे। इस दौरान अन्य शिक्षकों ने आक्रोशित छात्रों को समझाने का प्रयास किया तो छात्रों ने उनकी एक न सुनी और नारेबाजी करने लगे। छात्र नेताओं ने विद्यार्थियों का डाटा भी कॉलेज से बाहर भेजने का आरोप लगाया। छात्र नेताओं ने प्राचार्य से व्यवस्थाएं न संभाल पाने पर अपना ट्रांसफर अन्य स्थान पर करा लेने की मांग कर डाली। काफी देर तक नारेबाजी होने पर एक बार तो प्राचार्य भी कुर्सी छोड़ने को तैयार हो गए।

घेराव करने वालों में सूरज पांडे, रश्मि लंमगडियां, जीवन जोशी, संस्कार रस्तोगी , छात्र संघ कोषाध्यक्ष दीपक मेवाड़ी, छात्र संघ उप सचिव कमलेश कोशियारी, मनीष गोस्वामी, सूरज खाती, मुकेश सिंह कुलौरा, दीपक मेवाड़ी, निहित नेगी, कमलेश कोश्यारी, जीवन जोशी, सूरज जंतवाल, सूरज पांडे, लक्ष्मण सम्मल, मदन गौनिया शामिल रहे।

ये है कट-ऑफ लिस्ट
क्लास सामान्य एससी एसटी ओबीसी ईडब्ल्यूएस अन्य प्रदेश
बीए-1 69.20 58.20 52.40 53.20 51.80 69.20
बीकॉम 69.33 40 50 41.17 62.60 69.40
बीएससी 79.40 56 57 – 79.40
बीएससी, जेडबीसी 69 – – 45.60 70.60

तीन हजार विद्यार्थी रह जाएंगे प्रवेश से वंचित
एमबीपीजी कॉलेज में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 70 फीसदी होने से हल्द्वानी के करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं कॉलेज में प्रवेश से वंचित रह जाएंगे। इन छात्र-छात्राओं को मजबूरन प्राइवेट कॉलेज में प्रवेश लेना होगा। छात्र नेता सूरज पांडे ने बताया कि तीसरी कट-ऑफ लिस्ट जारी होने के बाद कॉलेज में 1004 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि पहली व दूसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर अभी तक 2116 विद्यार्थियों के प्रवेश हुए हैं।

उन्होंने बताया कि जब कट-ऑफ लिस्ट 70 फीसदी है तो उससे नीचे वाले बच्चों का भविष्य पूरी तरह से अंधकार में हो गया है। इसमें उन विद्यार्थियों की संख्या अधिक है जिनके परिजन उन्हें प्राइवेट कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण नहीं करा सकते हैं। कॉलेज प्रशासन को कट-ऑफ लिस्ट को कम करना चाहिए। ताकि अन्य मेधावियों को भी पढ़ाई का मौका मिले।

 

संबंधित समाचार