हल्द्वानी: रोडवेज का कंडक्टर बोला, न्याय न मिला तो जान दे दूंगा
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम में संविदा पर तैनात परिचालक को जालसाजों ने 10 लाख 78 हजार रुपए की चपत लगा दी। पहले तो जालसाजों ने उसकी जमीन बिकवाई और फिर एक विवादित जमीन का सौदा करा दिया। परेशान पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और कहा है कि अगर उसे न्याय …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम में संविदा पर तैनात परिचालक को जालसाजों ने 10 लाख 78 हजार रुपए की चपत लगा दी। पहले तो जालसाजों ने उसकी जमीन बिकवाई और फिर एक विवादित जमीन का सौदा करा दिया। परेशान पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और कहा है कि अगर उसे न्याय न मिला तो वह आत्महत्या कर लेगा। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लाइन नंबर 14 आजादनगर निवासी रोडवेज कर्मचारी मो.आफताब पुत्र इसरार ने बताया कि कामिल निवासी महावीरगंज नालापार हल्द्वानी, रउफ निवासी शनि बाजार, मो. आसिफ निवासी ग्राम छिन्की किच्छा, मो.आरिफ उर्फ बाबू निवासी सिरौली कला किच्छा व मो. इमरान निवासी गौजाजाली उत्तर उसकी जान पहचान के हैं। इन लोगों को पता था कि आफताब का गौजाजाली में एक प्लॉट है।
उक्त लोगों ने आफताब को झांसे में लिया और कहा कि तुम्हारा गौजाजाली का प्लॉट शहर के बाहर है। इसे बेच कर शहर में प्लॉट ले लो। आफताब झांसे में आ गया। इन लोगों ने प्लॉट का सौदा करा कर रकम अपने पास रख ली और नया प्लॉट दिलाने के लिए सगे भाई मोबीन व खालिद निवासी लाइन न. 15 आजाद नगर और सोम पाल उर्फ सोनू सक्सैना निवासी मलिक का बगीचा इन्द्रानगर मिलाया।
इन्होंने एक प्लॉट दिखाया और सौदा 10,78000 में हो गया। ये मसला दो साल पहले का है और जब आफताब प्लॉट की बुनियाद कराने पहुंचा तो पता लगा कि प्लॉट विवादित है। जिसके बाद आफताब ने पैसे मांगे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
