हल्द्वानी: कलसिया नाले से पानी लेने की तैयारी में जल संस्थान
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पिछले 11 दिनों से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। कई कोशिशों के बावजूद जल संस्थान गौला से पेयजल सप्लाई करने में असफल हो गया है। इसी क्रम में अब जल संस्थान कलसिया नाले से लोगों तक पानी पहुंचाने की तैयारी में लगा हुआ है। बता दें कि पिछले दिनों आई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पिछले 11 दिनों से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। कई कोशिशों के बावजूद जल संस्थान गौला से पेयजल सप्लाई करने में असफल हो गया है। इसी क्रम में अब जल संस्थान कलसिया नाले से लोगों तक पानी पहुंचाने की तैयारी में लगा हुआ है। बता दें कि पिछले दिनों आई आपदा के कारण जल संस्थान की कई पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं गौला में सिल्ट आने से शीशमहल फिल्टर प्लांट से पानी की सप्लाई 50 फीसदी प्रभावित हो गई। इससे फिल्टर प्लांट से कई इलाकों को मिलने वाले क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिसके चलते लोग बहुत परेशान हैं। लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए जल संस्थान ने पहले रोस्टर की एक योजना बनाई, जिसमें वह असफल हो गया। जिसके बाद अब जल संस्थान पहले फिल्टर प्लांट में ही कुछ अन्य तरीकों का प्रयोग करके पूरी तरह पेयजल सप्लाई को सुचारू करने का प्रयास कर रहा है।
अगर यह भी सफल नहीं हुआ तो जल संस्थान ने कलसिया नाले से वैकल्पिक योजना बनाकर कुछ दिनों के लिए पेयजल व्यवस्था करने की तैयारी कर ली है। इसमें जल संस्थान कलसिया में पेयजल लाइन डालकर लोगों को पानी देगा।
त्योहार का समय है तो लोगों को पानी अधिक आवश्यकता है, लेकिन बलियानाले में मिट्टी का कटान नहीं रुक रहा है, जिसके कारण गौला में सिल्ट कम नहीं हो पा रही है। इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कलसिया नाले का पानी इस्तेमाल में लिया जा रहा है।-संजय श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता
